पैक्स चुनाव में 69 फीसद मतदान
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिहारशरीफ अनुमंडल में मंगलवार को पहले चरण क
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिहारशरीफ अनुमंडल में मंगलवार को पहले चरण का पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया। मतदान के दौरान कुल 69 प्रतिशत लोगों ने पैक्स चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बता दें कि प्रथम चरण में बिहारशरीफ अनुमंडल अन्तर्गत कुल सात प्रखंडों में पैक्स चुनाव होना था। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखा था। कुल 87 पैक्सों के लिए 157 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। सभी बूथों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस बलों का पुख्ता बंदोबस्त किया गया था। इसके अलावा जिले के वरीय पदाधिकारी पूरे दिन बूथों पर गश्ती करते देखे गए। चुनाव के दौरान कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं घटित हुई। मतदान के लिए सुबह से ही बूथों पर लोगों की कतार लगी रही। दोपहर 12 बजे तक 40 फीसदी से उपर पोलिंग हो चुका था। इसके बाद तीन बजते ही चुनाव सम्पन्न हो गया।
हरनौत के लोहड़ा में नहीं हुए चुनाव
मतदान पत्र में गड़बड़ी के कारण हरनौत के लोहड़ा पैक्स का चुनाव नहीं हो सका। मतदान के दौरान मतदान पत्र में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर संबंधित पदाधिकारी ने फिलहाल चुनाव रद कर दिया।
मतदाताओं में दिखा उत्साह
रहुई प्रखंड में पैक्स चुनाव को लेकर लोगों में खासे उत्साह दिखा। चुनाव शुरू होते ही महिलाएं अपने घर से निकलकर सबसे पहले मतदान के लिए कतार में आकर लग गई। जबकि पुरुषों में भी गजब का उत्साह देखा गया। जैसे-जैसे समय गुजरता गया वैसे-वैसे मतदान करने वालों की उत्साह बढ़ता गया। लोग मतदान के प्रति काफी उत्साह दिखे।
चुनाव के दौरान सजग दिखे पदाधिकारी
चुनाव शुरू होते ही जिले के वरीय पदाधिकारी पूरी तरह से सजग हो गए। पदाधिकारियों की सजगता व चुस्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण पहले चरण का पैक्स चुनाव उम्मीद से कहीं अधिक शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया।