महादलित संघर्ष मोर्चा ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव
संवाद सूत्र, नवादा : विभिन्न मांगों को ले महादलित संघर्ष मोर्चा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव किय
संवाद सूत्र, नवादा : विभिन्न मांगों को ले महादलित संघर्ष मोर्चा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इससे पहले रेलवे स्टेशन परिसर से जुलूस निकाला गया। शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण करने के बाद जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। जहां प्रदर्शनकारियों ने घेराव किया और कलेक्ट्रेट के सामने मुख्य पथ को जाम कर दिया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने सिविल सर्जन व सदर अस्पताल के प्रधान लिपिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने, सदर अस्पताल की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अकबरपुर प्रखंड के नेमदारगंज में महादलित महिला को डायन बता कर पिटाई करने वाले मुखिया व अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार करने, कानगो बिगहा व फतेहपुर गांव में महादलितों के साथ घटित घटना पर रोष जताते हुये ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। शंभू विश्वकर्मा ने महादलितों पर हो रहे हमले व अत्याचारों के लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार व जिला प्रशासन को दोषी ठहराया। दिनेश कुमार अकेला ने जनवादी व्यवस्था लाने की वकालत की। मौके पर सुरेश मांझी, किशोर कुमार मांझी, तरुण राजवंशी, राज किशोर महथा, कौशल्या देवी, प्रमिला कुमारी, भत्तु साव, सरुण ठाकुर, दिनेश सिंह, सुमित्रा देवी, लक्ष्मी देवी समेत कई लोग उपस्थित थे। घेराव के बाद प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
-----------------
नाबालिग बच्चे पीट रहे थे ढोल
महादलित संघर्ष मोर्चा का प्रदर्शन गाजे-बाजे के साथ निकाला गया था। जिसमें नाबालिग बच्चे ढोल बजाते नजर आये। खुद को आम व गरीब लोगों की आवाज बताने वालों की पोल इसमें खुलती नजर आई। रेलवे स्टेशन परिसर से निकाला गया जुलूस शहर के मुख्य मार्गो का भ्रमण किया। छोटे-छोटे बच्चे नगर भ्रमण के दौरान ढोल बजाते दिखे।