ओवर लोडेड वाहनों से लाखों की वसूली
संवाद सूत्र, नवादा : ओवर लोडिंग व अवैध खनन को लेकर पुलिस काफी सख्ती बरत रही है। एसपी चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि ओवर लोडिंग व अवैध खनन की रोकथाम के लिए कार्रवाई की जा रही है। 21 सितंबर से अब तक कुल 76 वाहनों को जब्त किया गया है। जिसमें 40 वाहनों से 11 लाख 40 हजार रुपये राजस्व की वसूली की गई है। शेष जब्त वाहनों से भी राजस्व की वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को 18 ट्रक, 23 सितंबर को 6 ट्रक, 24 सितंबर को 21 ट्रक और 25 सितंबर को 25 वाहन व 6 ट्रैक्टर जब्त किये गये हैं।
- सुरक्षा के हो रहे पुख्ता इंतजाम
एसपी ने बताया कि सुरक्षा व विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सादे लिबास में भी कई पुलिस पदाधिकारी व जवानों को क्षेत्र में गश्ती के लगाया गया है। इसके साथ ही बाइक पर भी कई पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को ड्यूटी दी गई है। इससे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने में सहूलियत होगी और अपराधियों पर पैनी नजर रहेगी। बाइक सवार पुलिस पदाधिकारी गली-गली जाकर भी गतिविधियों पर पूरी नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिले को अपराधमुक्त बनाया जाएगा। अपराधी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जायेंगे। एसपी ने बताया कि दशहरा व बकरीद पर्वो के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं।