अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में की सफाई
संवाद सूत्र, नवादा : राष्ट्रीय स्वच्छता जागरुकता अभियान की शुरुआत शुक्रवार को सदर अस्पताल से हुई। एडीएम महर्षि राम समेत कई पदाधिकारियों ने अस्पताल परिसर में झाड़ू लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने विभिन्न वार्डो समेत पूरे अस्पताल परिसर में झाड़ू लगाया। इस कार्यक्रम के जरिये अधिकारियों ने लोगों को स्वच्छता की जानकारी दी और लोगों को अपने-अपने घरों-मोहल्लों की सफाई को लेकर अपील की। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए सफाई बहुत जरुरी है। गंदगी के कारण लोग बीमारियों का शिकार होते हैं। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. मधेश्वर प्रसाद शर्मा, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता प्रद्युम्न शर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सतीश चंद्र झा, सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, डॉ. उमेश चंद्रा, डॉ. अशोक कुमार समेत कई चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे। इधर, डीपीआरओ ने बताया कि शनिवार को विभिन्न विद्यालयों से प्रभात फेरी निकाली जाएगी और स्कूलों में सेमिनार का आयोजन होगा। सोमवार को डीएम ललन जी स्वच्छता रथ को रवाना करेंगे और मंगलवार को जिला स्तरीय सेमिनार का आयोजन होगा। जिसमें जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।