जालसाजी के आरोप में दंपति गिरफ्तार
संवाद सूत्र, नवादा : नगर थाना पुलिस ने अहमदाबाद से जालसाजी के आरोप में एक दंपत्ति को गिरफ्तार कर नवादा ले आई। शनिवार को दंपत्ति को व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया। सब इंस्पेक्टर रंजीत शर्मा ने बताया कि नगर के स्टेशन रोड निवासी मुन्ना सिंह की पत्नी सुशीला देवी ने अपनी बहन व नालंदा निवासी निर्मला सिंह व बहनोई भरत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी (कांड संख्या 58/14) दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि वर्ष 2010 में फ्लैट खरीदने के नाम पर उक्त आरोपितों ने साढ़े पांच लाख रुपये लिये थे। लेकिन न तो उन्हें फ्लैट दिया गया और न ही रुपये वापस किये गये। आरोपितों ने उस रुपये से अपने लिये मकान खरीद लिया। दर्ज प्राथमिकी के आलोक में छानबीन शुरू की। इस दौरान पता चला कि उक्त दंपति अहमदाबाद के बटवा गांव में रह रहे हैं। लिहाजा दोनों को वहां से गिरफ्तार किया गया।