गुड फ्राइडे पर याद किये गये प्रभु यीशु
संवाद सूत्र, नवादा:
गुड फ्राइडे पर नगर के पार नवादा गया रोड स्थित कैथोलिक चर्च से शुक्रवार को इसाई धर्मावलंबियों ने क्रूस यात्रा निकाली। गिरजाघर से सदभावना चौक तक यात्रा निकाली गई। इसके बाद वापस सभी गिरजाघर लौट गये। गिरजाघर में लोगों ने प्रभु यीशु की प्रार्थना की। फादर मार्टिन ने बताया कि उपवास रखकर प्रभु यीशु को श्रद्धाभाव से याद किया। ईसा मसीह ने सारे संसार के पापों का प्रायश्चित करने के लिए अपना खून बहाया। गिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। फादर ने बताया कि उपवास रखकर बुरी आदतों से परहेज करने का संकल्प लिया गया। सभी लोग 40 दिनों से शाकाहारी भोजन का सेवन करते हैं। 40 दिनों के अंतराल में प्रत्येक शुक्रवार को प्रभु यीशु की प्रार्थना की जाती है। गरीबों, भूखमरी व गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए धन संग्रह किया गया। उन्होंने बताया कि जमा किये गये धन को जरुरतमंदों के बीच बाटा जाएगा। फादर ने बताया कि रविवार को ईस्टर संडे के रूप में मनाया जाएगा। शनिवार की रात से विशेष पूजा शुरू होगी जो कि रविवार की सुबह तक होगा।