तीन विधानसभा के छह बूथों पर पुनर्मतदान आज
जासं, नवादा :
चुनाव आयोग के निर्देश पर छह बूथों पर पुनर्मतदान रविवार को कराया जाएगा। सुबह सात बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। डीएम ललन जी के अनुसार गोविंदपुर विधानसभा के कौआकोल प्रखंड के महुलियाटांड स्थित बूथ संख्या 255 व दनिया स्थित बूथ संख्या 256, वारिसलीगंज विधानसभा के मंजौर स्थित बूथ संख्या 148, 148 (क), 149 तथा हिसुआ विधानसभा के मनवां बूथ संख्या 67 पर दोबारा मतदान होगा।
बता दें कि महुलिया टांड व दनिया में सुरक्षा व्यवस्था को ले मतदान नहीं कराया जा सका था। विस्फोटक बरामदगी की सूचना के बाद जिला निर्वाची पदाधिकारी ने मतदान को स्थगित कर दिया था। वहीं वारिसलीगंज के मंजौर में बूथ संख्या 149 पर विवाद के दौरान ईवीएम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसी कारण यहां के दो अन्य बूथों को भी रद्द घोषित किया गया था। इसके अलावा पीठासीन पदाधिकारी द्वारा बूथ कब्जा की शिकायत पर हिसुआ विधानसभा के मनवां स्थित बूथ संख्या 67 को भी रद्द किया गया। पुनर्मतदान वाले बूथों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। खासकर नक्सल प्रभावित महुलियाटांड व दनिया स्थित बूथ पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की कड़ी निगरानी में मतदान कराया जाएगा। एसपी डा. मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि नक्सल प्रभावित दोनों बूथों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की चार कंपनियां, कोबरा की एक बटालियन, एसटीएफ के जवानों को तैनात किया जा रहा है। हेलीकाप्टर से दोनों बूथों की निगरानी होगी। इसके अलावा अन्य चारों बूथों पर काफी संख्या में जिला पुलिस बल को ड्यूटी दी जा रही है।
---------------------
-3125 मतदाता करेंगें मताधिकार का प्रयोग
संवाद सूत्र, वारिसलीगंज (नवादा): वारिसलीगंज प्रखंड के मंजौर स्थित तीन बूथों पर पुनर्मतदान प्रक्रिया रविवार के सुबह सात बजे से शुरू होगी। बीडीओ मो. जुल्फेकार आदिल ने बताया कि चुनाव के दिन 10 अप्रैल को मध्य विद्यालय मंजौर स्थित बूथ पर उपद्रवियों द्वारा ईवीएम तोड़ दिये जाने के बाद मतदान रोक दिया गया था। पुनर्मतदान वाले बूथ क्रमश: 149, 148 तथा 148 क पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से दिन के तीन बजे तक मतदान होगी। तीन बूथों पर होने वाले मतदान में कुल 3125 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 149 बूथ पर 1468, 148 पर 837 तथा 148 क पर 820 मतदाता का नाम सूचि में शामिल है। थाना अध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि लोग भयमुक्त हो मतदान में हिस्सा लें। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।