तिलैया डैम के पानी में डूबा नालंदा, तबाही का आलम, पढ़ें...
नालंदा में बाढ़ का कहर शुरू हो गया है। बाढ़ ने शहर व ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में तबाही मचा दी है। कहीं पुल-पुलिया डूब गए, तो कहीं पानी की तेज धार में सड़क बह गई है। रहुई के डिहरा गांव में बांस का चचरी पुल बह गया।
नालंदा। नालंदा में बाढ़ का कहर शुरू हो गया है। बाढ़ ने शहर व ग्रामीण क्षेत्र के कई इलाकों में तबाही मचा दी है। कहीं पुल-पुलिया डूब गए, तो कहीं पानी की तेज धार में सड़क बह गई है। रहुई के डिहरा गांव में बांस का चचरी पुल बह गया, वहीं पंचाने नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।
नए डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रखंडों के बीडीओ एवं सीओ को प्रखंड मुख्यालय में मुस्तैद रहकर जलस्तर पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। जलस्तर बढऩे पर एसडीओ एवं कंट्रोल रूप को तत्काल जानकारी देंगे। आपदा विभाग के साथ संबंधित पदाधिकारी भी सतर्क रहने को निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रविवार की देर शाम झारखंड के तिलैया डैम से अचानक पानी छोडऩे के बाद जिले के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ की वजह से सब्जियां व धान के बिचड़े पानी में बह गए।
बिहारशरीफ प्रखंड के वियवानी, सोहसराय इलाके के सलेमपुर रविदास टोला, आशानगर, हबीबपुरा व रहुई प्रखंड के तूफानगंज, रहीमपुर, इमामगंज, बलवापर आदि गांव का सम्पर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है।
वहीं हिलसा के चिकसौरा बाजार में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। जिस तरह से नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है,यही स्थिति बनी रही तो जिले को भारी क्षति होगी।