लापता छात्रा का शव मिलते ही मचा कोहराम, हत्या की आशंका
नालंदा। रहुई थाना के शाहपुर गांव स्थित एक कुएं से छात्रा का शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बताय
नालंदा। रहुई थाना के शाहपुर गांव स्थित एक कुएं से छात्रा का शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि छात्रा की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया था। छात्रा की पहचान विष्णुपुर गांव निवासी रामचन्द्र यादव की 21 वर्षीया पुत्री चांदनी कुमारी के रूप में की गई है। इधर, छात्रा के शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस जब गांव पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि पुलिस ने रोड़ेबाजी की घटना से इन्कार किया है।
घटना के बारे में बताया जाता है कि 17 अप्रैल को रहुई थाने में पुत्री को बहला-फुसलाकर उसे भगा ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी जिसमें भदवा गांव के एक युवक को आरोपित किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार छात्रा की खोजबीन में लगी थी। इसी बीच गुरुवार की शाम शाहपुर के एक कुएं में छात्रा की शव होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ गांव पहुंच गई है। इधर सदर डीएसपी निशीत प्रिया ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या छात्रा को देखने से प्रतीत होता है कि उसकी हत्या कर शव को फेंका गया है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस अनुसंधान के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को छात्रा के गुम होने के बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी जिसमें कुछ फोन नम्बर भी दिया गया था। पुलिस इस मामले को गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल रात होने की वजह से कुएं से शव निकालने में परेशानी हो रही है। शव को निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।