अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचना सरकार का लक्ष्य : मंत्री
संवाद सहयोगी, राजगीर (नालंदा) : ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि केन्द्र की सरकार
संवाद सहयोगी, राजगीर (नालंदा) : ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि केन्द्र की सरकार बिहार के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। भाजपा की केन्द्र सरकार बिहार का विकास नहीं चाहती है। यह सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। उक्त बातें वे सोमवार को राजगीर प्रखंड के छबिलापुर पथ से महुअला पथ में आरसीसी कलवर्ट निर्माण कार्य का आधारशिला रखने के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अप्रोच पथ की लम्बाई 336.0मी. है तथा इसके निर्माण में 23.74 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके बाद मंत्री ने कटारी मोड़ से नेकपुर पथ में आरसीसी कलवर्ट के निर्माण कार्य का भी आधारशिला रखा। इस अप्रोच पथ की लम्बाई 50 मीटर है तथा इसके निर्माण में 9.86 लाख रुपया खर्च होगा।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हर क्षेत्र में विकास किया है। सभी जगह सड़कों का जाल बिछाया गया है। बचे कार्यो को भी पूरा करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की सोच है कि समाज के सबसे अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य की पूर्ति को लेकर हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी ने केन्द्र में सता संभालने के बाद अपने वायदे के मुताबिक एक भी काम नहीं किया। बिहार की जनता उनकी करनी व कथनी को अच्छी तरह से समझ चुकी है। इस मौके पर मुन्ना कुमार, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मीरा कुमारी, जयराम सिंह, रंजीत कुमार उर्फ छोटे, ओमप्रकाश यादव, मो. अरसद, अलेन्द्र कुमार, सोनू यादव आदि उपस्थित थे।