खेलों से सजा सोगरा विद्यालय का मैदान
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : बच्चों में श्रृजनात्मक सोच व खेल के प्रति आकर्षण पैदा करने के लिए जिल
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ :
बच्चों में श्रृजनात्मक सोच व खेल के प्रति आकर्षण पैदा करने के लिए जिला सर्व शिक्षा अभियान के सौजन्य से सब जूनियर्स स्पोर्टस मीट तरंग 2015 का आयोजन स्थानीय सोगरा विद्यालय के प्रांगण में किया गया। क्रीड़ा कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी बी कार्तिकेय ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल बच्चों के सर्वागीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। बच्चों में खेल के प्रति आकर्षण पैदा कर ही उनका वास्तविक विकास किया जा सकता है। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित तरंग प्रतियोगिता में कुल 20 प्रखंडों के 440 बच्चों ने अपने खेल का जौहर दिखाया। बच्चों में उत्साह वर्द्धन के लिए प्रत्येक प्रखंड से एक एक साधन सेवी को दलनायक के रूप में नियुक्त किया गया था। साधन सेवियों ने भी अपने कार्य को बखूबी अंजाम दिया। बुधवार को सोगरा विद्यालय लंबी दौड़, उंची दौड़, पेंटिंग, संगीत तथा क्वीज जैसे रोचक खेलों से सजा था। हर प्रतिभागी अपने बेहतर प्रदर्शन को आतुर थे। दर्शकों ने अपनी तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों को खूब उत्साहित किया। पूरा माहौल खुशियों से भरा था। इस मौके पर उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में चयनित बच्चे 4 फरवरी से होने वाले चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता में संसाधन केन्द्र अस्थावां में भाग ले सकेंगे। वहीं राज्य स्तर पर 9 से लेकर 13 फरवरी तक तरंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस मौके पर जिला पदाधिकारी, जिला शिक्षाधिकारी, अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मीडिया प्रभारी सहित सैंकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।