बड़गांव में आस्था का महापर्व छठ संपन्न
संवाद सूत्र, सिलाव (नालंदा) : पौराणिक सूर्यपीठ बड़गाव में लोक आस्था और विश्वास का महापर्व चार दिवसीय
संवाद सूत्र, सिलाव (नालंदा) : पौराणिक सूर्यपीठ बड़गाव में लोक आस्था और विश्वास का महापर्व चार दिवसीय छठ मेला भगवान भास्कर के अर्घ्य दान के साथ गुरुवार को समाप्त हो गया। बुधवार को लाखों श्रद्धालु छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य दान किया और गुरुवार को उगते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य दान किया। इस वर्ष सरकार की ओर से छठव्रर्तियों के लिये अच्छी व्यवस्था की गयी थी। घाटों एवं बड़गाव छठ मेले में प्रशासन की ओर से छठव्रर्तियों की सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था की गयी थी। इस बार बड़गाव मेले में 500 सुरक्षाकर्मी 32 दंडाधिकारी लगाये गये थे। मेले में मेला अवधि तक छोटे से लेकर बडे़ वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया था। जिससे कष्टी देने वाले छठव्रर्तियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। सूर्य तालाब के चारों ओर सीसी कैमरा लगाया गया था। छठव्रर्तियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए इस बार प्रशासन द्वारा टेन्ट की व्यवस्था की शुरुआत की गयी है। छठव्रर्तियों की सुविधा के लिये सूर्य तालाब के निकट एएनएम एवं आशा कर्मियों को भी लगाया गया था। इसके अलावे छठव्रर्तियों के कपड़ा बदलने के लिये जगह-जगह अस्थाई टेन्ट लगाये गये थे। मेले में बिजली, पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गयी थी। प्रशासन की ओर से मेले में वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था करायी गयी थी। प्रशासन की इन व्यवस्थाओं के बावजूद मेला फीका रहा। प्रशासन के कडे़ रूख के कारण मेले में खेल-तमासे, फुटपाथी दुकान नहीं लग सके। जिसके कारण मेले में रौनक नहीं दिखी। मेले में अच्छी आमदनी के उम्मीद में आये दुकानदार मायूस होकर लौट गये। इस मेले में आदर्श युवा क्लब बड़गाव की ओर से छठव्रर्तियों के मनोरंजन के लिये भगवती जागरण का आयोजन किया गया।