सूर्योउपसना का चार दिवसीय छठ पर्व सम्पन्न
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व गुरुवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देन
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व गुरुवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही सम्पन्न हो गया। इससे पूर्व बुधवार की संध्या में डूबते सूर्य को नमन किया। आस्था के इस महापर्व में भक्ति भाव का ऐसा नजारा दिखा मानों हर कोई इसके लिए समर्पित हो। सुबह से ही अपने-अपने घरों के साथ गलियों व आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर रंगोली व रंगों से पूरा इलाका भक्तिमय दिख रहा था। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने अपने-अपने स्तर से लाइटिंग व फूलों से सजावट कर रखी थी। छठ माता की भक्तिमय गीतों से पूरा इलाका गुंजायमान हो रहा था। शहर के सोहसराय स्थित सूर्यमंदिर, बाबा मणिराम, मोरा तालाब, इमादपुर, बिहार क्लब स्थित तालाब, कोसुक, महलपर आदि स्थानों पर लोगों का जन सैलाब उमड़ा रहा। उदयीमान सूर्य को नमन करने के साथ छठव्रती अर्ध्य प्रदान किया और लोगों के बीच प्रसाद वितरण कर खुद भी पारण किया। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त कर रखा था। चहुंओर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी व बलों की पर्याप्त संख्या में तैनात की गई थी। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर से छठव्रतियों व आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क पेयजल, चाय की पूरी व्यवस्था कर रखी थी। हर कोई इस पावन पर्व को पूरी आस्था के साथ मनाते देखे गए।