माता-पिता ने की पुत्र की हत्या, शव गायब
संवाद सहयोगी, हिलसा (नालंदा) : समाज में धन की खातिर दरकते रिश्ते की दास्तां आए दिन सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला थाना क्षेत्र के केशोपुर गाव में गुरुवार को उजागर हुआ। जिसमें संपत्ति के विवाद में पिता व सौतेली मां ने परिजनों के सहयोग से अपने पुत्र को जहर देकर मौत की नींद सुला दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से आनन-फानन में शव को ठिकाने भी लगा दिया। मृतक की शिनाख्त मुकेश प्रसाद के पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गयी है। घटना की भनक पुलिस को तब लगी जब मृतक की पत्नी निशा देवी पति की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई।
दर्ज प्राथमिकी में उल्लेख किया कि युवक की शादी केशोपुर निवासी मनीष कुमार के साथ हुई थी। घटना के वक्त वह जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के डमोआ गाव स्थित अपने मायके में थी। पति की मौत की खबर पाते ही पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची। संगीन अपराध की सूचना पर पुलिस हरकत में आई और मामले की छानबीन करने मौके पर पहुंची। मृतक के परिजन घर में ताला लगा फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि घर में संपत्ति विवाद उनकी सौतेली सास और पति के बीच चल रहा था। इसी को ले अन्य परिजनों के सहयोग से उसके पति की हत्या कर शव को गायब किया गया है। थानाध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि सास-ससुर, ननद समेत 4 को नामजद कर हत्या व शव गायब करने की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथमदृष्टया यह मामला संपत्ति विवाद का प्रतीत होता है। ग्रामीणों से पूछताछ से यह प्रतीत होता है कि मनीष की हत्या कर शव को गायब किया गया है। पुलिस उस स्थान की शिनाख्त में जुटी है जहां शव को जलाया गया है। अनुसंधान के दौरान मामला स्पष्ट हो पायेगा।