सड़क जाम कर ग्रामीणों ने बवाल काटा
संवाद सूत्र, नगरनौसा (नालंदा): बाढ़ राहत से वंचित प्रखंड के रामपुर व कला के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 30 ए अन्तर्गत रामघाट के पास करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर जमकर बवाल काटा। ग्रामीणों का आरोप है कि आसपास के गांवों के लोगों को अनाज व राशि मुहैया कराई गई लेकिन उनके गांव को इससे वंचित रखा गया। जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनीष कुमार दल बल के साथ पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे असफल रहे। जाम स्थल पर पहुंचे बीडीओ संजय कुमार ने ग्रामीणों को बताया कि उनके वार्ड सदस्य व विकास मित्र द्वारा अभी तक सूची तैयार नहीं की गई है। जिसके कारण राहत सामग्री वितरण में विलम्ब हो रहा है। उन्होंने कहा कि सूची उपलब्ध होते ही राहत सामग्री का वितरण कार्य शुरू कर दिया जायेगा। बीडीओ के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया। इधर जाम में फंसे लोग तीन घंटे तक त्राहिमाम करते रहे लेकिन पुलिस प्रशासन चाह कर भी कुछ नहीं कर पाई। ग्रामीणों के आक्रोश के आगे प्रशासन की एक नहीं चल रही है। जिसका खामियाजा आम जनता को उठानी पड़ रही है।