महिलाओं को सुरक्षा व अधिकार की दी जानकारी
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के तहत पंचायत विधिक स्वयं सेवकों द्वारा विभिन्न स्थानों पर आयोजित किये जा रहे जागरूकता शिविर में पीएलवी संजीव कुमार सिंह व सुरेन्द्र शर्मा शामिल हुए। करायपरसुराय थाना क्षेत्र के बेरमा आंगनबाड़ी केन्द्र में उपस्थित महिलाओं को उनके सुरक्षा व अधिकार प्राप्ति के लिए कानूनी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़, प्रताड़ना तथा अन्य प्रकार की मुश्किलों से बचाव के लिए पर्याप्त कानून है। जरूरत है कानूनी रूप से जागरूक होने की। वहीं वेन थाना क्षेत्र के वासवन बिगहा प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन में सुरेन्द्र शर्मा ने बच्चों एवं ग्रामीणों को अपहरण से बचाव के उपाय तथा विभिन्न प्रकार की कानूनी जानकारी दी। कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी सेविका गीता सिन्हा, सहायिका व एएनएम अमृता देवी एवं सीमा कुमारी ने सहयोग किया।