फिर से जंगलराज लाने की तैयारी में है जदयू
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : गिरियक के बेरौटी में रविवार को आयोजित भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक में वक्ताओं ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए जदयू को निशाने पर रखा। जदयू और राजद के प्रस्तावित गठबंधन को जंगलराज की वापसी का रास्ता बताया गया। इस मौके पर अपने मुख्य वक्तव्य में पूर्व मंत्री सह विधायक सत्यनारायण आर्य ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। राज्य फिर से जंगलराज की ओर बढ़ रहा है। वर्तमान व पूर्व मुख्यमंत्री में आंतरिक द्वंद्व चल रहा है। उन्होंने कहा कि आपराधिक ताकतों ने फिर से फन फैलाना शुरू कर दिया है। जिस कांग्रेस का विरोध कर नीतीश कुमार ने अपनी राजनीति चमकाई आज उसी कांग्रेस की गोद में जा बैठे हैं। जिस राजद के जंगलराज से राज्य को मुक्ति दिलाने का प्रण किया था उसी राजद से गलबहियां कर रहे हैं। जो नालंदा पूरी तरह शांत हो गया था, वह फिर अपराधियों की गिरफ्त में आ गया है। रोज नित्य नए वारदातें हो रही है तथा पुलिस प्रशासन इसे रोकने में पूरी तरह से नाकाम है।
प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वनाथ भगत ने कहा कि राजद से गठबंधन कर नीतीश कुमार फिर से बिहार को गर्त में धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन बिहारवासी दोबारा कभी भी जंगलराज लाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि जनता आगामी विधान सभा चुनाव में लोकसभा चुनाव की तरह लालू-नीतीश को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा इस सरकार से अलग हुई है तब से विकास कार्य पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। चारों तरफ अफसरशाही व भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बैठक के दौरान बिहारशरीफ के चार चिकित्सकों डा.अजय कुमार सिन्हा, डा.वीरेन्द्र प्रसाद, डा.श्याम किशोर प्रसाद व डा.प्रभात सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यसमिति की बैठक में सदस्यता अभियान पर विशेष बल दिया गया। 25 सितम्बर से 11 अक्टूबर तक बिहार-बचाओ सम्मेलन प्रत्येक विधान सभा बाइज करने का निर्णय लिया गया।
सदस्यता के लिए प्रत्येक ब्लाक में सदस्यता प्रभारी की नियुक्ति की गई। जिला सदस्यता प्रभारी के लिए उपाध्यक्ष रामसागर प्रसाद सिंह का चयन किया गया। बैठक में जिले को सुखाड़ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा किसानों को धान रोपनी में 60 फीसदी सब्सिडी देने तथा बिजली की व्यापक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
बैठक में राजेश्वर प्रसाद सिंह, चन्द्रकांता सिन्हा, प्रवक्ता धीरेन्द्र रंजन, केशव प्रसाद, सियाशरण आर्य, ललन सिंह, अमरकांत भारती, सकलदेव वात्सायन, अमित गौरव, डा.सुरेन्द्र कुमार, नरेश प्रसाद सिंह, अनुग्रह नारायण, सुषमा कुमारी, सतीश कुमार, रीना कुमारी, शैलेन्द्र कुमार, विनोद पासवान, अरशद करीम के अलावा सभी मोर्चा के अध्यक्ष व कार्यकर्ता शामिल थे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ई. रवि शंकर प्रसाद सिंह ने की।