राष्ट्रभक्त छात्रों के बल पर होगा समृद्ध भारत का निर्माण
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मगध विवि के कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग रविवार को सम्पन्न हो गया। इस मौके पर अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री निखिल रंजन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अभाविप राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत छात्र संगठन है। समृद्ध भारत के पुननिर्माण में छात्रों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कॉलेज में शैक्षिक समस्याओं के विरोध में संघर्ष तो करते ही हैं। राष्ट्रीय मुद्दे पर भी मुखर रहने वाला छात्र संगठन अभाविप बिहार की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन करेगा। अभ्यास वर्ग में बिहार की वर्तमान शिक्षा पर चर्चा करते हुए रंजन ने कहा कि सुबे में प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा की स्थिति अराजक है। उन्होंने कहा कि विश्व विद्यालय से लेकर प्राथमिक विद्यालय तक फर्जी नियुक्तियां हो रही है। अभाविप इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने वाली शक्तियां फन उठा रही है। काश्मीर को भारत से अलग करने की साजिश रची जा रही है। देशी शक्तियों के इशारे पर नक्सली गतिविधियां चलाकर आतंरिक सुरक्षा का खतरा पैदा किया जा रहा है। देश के छात्र-युवाओं को इसके लिए आगे आना होगा। अभ्यास वर्ग में नवादा, नालंदा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, बाढ़, दानापुर, बिहारशरीफ के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर संगठन मंत्री गोपाल शर्मा, अरविन्द पटेल, पप्पू वर्मा, दीपक कुमार, डॉ सुजय कुमार, अमित कुमार, ओंकार शर्मा, मुकेश कुमार, प्रो. अंजनी पांडेय, अंकित साही, सोनू सिंह, सौरभ, अभिमन्यु,अनिरूद्ध आदि उपस्थित थे।