गांव में मजदूरों का शव पहुंचते ही मचा कोहराम
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : वेना थाना के पैठना गांव में मंगलवार की दोपहर को मजदूरों के शव पहुंचते ही पूरा गांव में कोहराम मच गया। शव के आते ही पूरा गांव उमड़ पड़ा। हर कोई इस अनहोनी की घटना से आहत दिख रहे थे। क्या बडे़, बूढ़े, जवान, बच्चे सभी इस घटना से अचंभित थे। एक साथ गांव के दस लोगों की हुई मौत के बाद पूरा गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक के परिजनों को चित्कार मार कर रोते देख हर कोई के आंखें नम थी। गांव के बीच एक वृक्ष के पास सारे शवों को रखकर लोग विलाप कर रहे थे। मृतक के परिजनों को चुप कराने की साहस किसे में नहीं था। कोई अपने पिता तो कोई अपनी मां तो कोई अपने पति व बच्चे की विलाप कर दहाड़ मार-मार कर रो रही थी। गांव वालों की मानें तो कई घर ऐसे थे जिनकी परवरिश के लिए घर का अकेला व्यक्ति था। उनके छोटे-छोटे तीन चार बच्चे हैं। अब यह किसके सहारे रहेगा इसकी चिंता हर कोई को सता रहा था। दुर्घटना में मारे गए प्रकाश बिंद के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि घर में वह अकेला व्यक्ति था जो मेहनत मजदूरी कर अपने तीन बेटी व दो बेटे का परवरिश कर रहा था। अब इन मासूम बच्चों का लालन-पालन कौन करेगा इसकी चिंता गांव वालों को भी है। इधर दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही एम्बुलेंस से सभी शवों को गांव लाया गया। पूरा गांव उमड़ पड़ा। इस घटना से पूरा गांव शोकाकुल था।