पोखर से मिट्टी कटाई के दौरान मिली प्राचीन मूर्ति
वैशाली जिले के वैशाली गढ़ स्थित ऐतिहासिक खनका पोखर में अवैध रूप से हो रही मिट्टी कटाई के दौरान प्राचीन काल की मूर्ति मिली।
मुजफ्फरपुर। वैशाली जिले के वैशाली गढ़ स्थित ऐतिहासिक खनका पोखर में अवैध रूप से हो रही मिट्टी कटाई के दौरान प्राचीन काल की मूर्ति मिली। ग्रामीणों ने उक्त मूर्ति को बालाजी मंदिर में स्थापित कर पूजा पाठ शुरू कर दी है। मूर्ति देखने को लेकर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। तीन मुख वाली मूर्ति को लोग ब्रह्मा, विष्णु व महेश बता रहे हैं। इसकी लंबाई 124 सेंटीमीटर बताई जा रही है। मिट्टी कटाई पर रोक लगा दी गई है। पुरातत्व विभाग के सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद सहित अन्य लोगों ने मौके पर पहुंच कर अवलोकन किया। मूर्ति की खबर आग की तरह फैल गई। गाव- गाव से लोगों की आना शुरू हो गया। प्रशासनिक चौकसी बढ़ा दी गई है। वैशाली पुलिस गश्त लगा रही है। वैशाली व उसके आसपास किसी भी तरह की खुदाई पर रोक लगी हुई थी। बावजूद इसके खुदाई चल रही थी। मूर्ति मिलते ही वहां हलचल मच गई। कुछ लोगों ने इसे छुपाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। अंतत: मामला प्रशासन तक जा पहुंचा। पुरातत्व विभाग के अधिकारी के आने के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा कि मूर्ति किस धातु की है। इस बीच, पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने वहां पहुंच कर पूजा-अर्चना की।