उग्र प्रदर्शन व झड़प के बीच मुजफ्फरपुर बंद
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेता केसरीनंदन शर्मा को गोली मारने के विरोध में सोमवार को मुजफ्फरपुर बंद के दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उग्र प्रदर्शन किया।
मुजफ्फरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेता केसरीनंदन शर्मा को गोली मारने के विरोध में सोमवार को मुजफ्फरपुर बंद के दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उग्र प्रदर्शन किया। एनएच जाम के साथ शैक्षणिक संस्थाओं को बंद कराकर विरोध जताया। विरोध मार्च के दौरान हरिसभा चौक पर झड़प हुई। वहां से निकले जुलूस पर छत से एक व्यक्ति ने पत्थर फेंका। छात्र आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प होने लगी। छानबीन के बाद पता चला कि पत्थर फेंकने वाला व्यक्ति विक्षिप्त है।
अभाविप के जुड़े छात्रों का जुलूस अलग-अलग जत्थे में निकला जो विभिन्न मार्गो से गुजरा। नगर विधायक सुरेश शर्मा, अभाविप के संगठन मंत्री अनिल दुबे, नगर मंत्री रविशंकर, रंधीर कुमार राहुल कुमार के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.अरविंद कुमार सिंह ने इसका नेतृत्व किया। संगठन मंत्री ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा।
सूबे में बढ़ रहा अपराध का ग्राफ
नगर विधायक अपने चक्कर स्थित आवास से बाइक पर सवाल होकर निकले। उन्होंने शहर में भ्रमण कर बंद को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र नेता पर गोली चलाकर जान मारने की कोशिश की जितनी निंदा की जाए वह कम होगी। बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। खुलेआम अपराधी एके 47 लहराते चल रहे हैं। जनता बढ़ते अपराध से परेशान है। राज्य में गिरती विधि व्यवस्था से जनता तबाह है।