भारत-नेपाल सीमा पर जमकर फायरिंग, दोनों देेशों के सुरक्षा बल अलर्ट
बिहार के पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत नेपाल सीमा पर दोनों देशों के नागरिकों के बीच गोलीबारी हुई। हालांकि, अधिकारी इससे इंकार कर रहे हैं। सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। बिहार सीमावर्ती नेपाल सीमा पर गुरुवार को माहौल तनाव भरा रहा। नेपाल की तरफ से नागरिकों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। दोनों देशों के ग्रामीणों में भारी तनाव रहा। घटना पश्चिम चंपारण जिला के भंगहा थाना क्षेत्र के गदीयानी भंगहा गांव से सटे ओरिया नदी में बालू खनन को लेकर उपजे तनाव के दौरान हुई। इसके बाद दोनों देेशों के सुरक्षा बल अलर्ट हैं।
जानकारी के अनुसार भारत के कुछ ट्रैक्टरों पर ओरिया नदी से बालू खनन कर लोडिंग की जा रही थी। इसी क्रम में दर्जनों नेपाली नागरिक नदी में पहुंचे व ट्रैक्टर चालकों से तू-तू मैं-मैं करने लगे। धीरे-धीरे बात बिगड़ गई। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। चर्चा है कि नेपाली नागरिकों ने चालकों को भयाक्रांत करने के लिए हवाई फायरिंग भी की।
यह भी पढ़ें: हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय, पूरे प्रदेश में महाशिवरात्रि की धूम
नेपाली नागरिकों की मानें तो भारतीय वाहनों से नेपाल की सीमा में प्रवेश कर बालू खनन किया जाता है। इससे नेपाल सरकार को राजस्व की क्षति पहुंचती है। वहीं भारतीय चालकों का कहना था कि हम सभी बालू खनन कार्य भारतीय सीमा में ही करते हैं।
नागरिकों के अनुसार घटना के दौरान हवाई फायरिंग हुई। हालांकि, दोनों देशों के अधिकारी इससे इंकार कर रहे हैं। पश्चिम चंपारण के जिला खनन पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने फायरिंग की घटना से इंकार किया है। एसएसबी (44वीं वाहिनी) के सेनानायक राजेश टिक्कू ने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: BSSC paper leak: हिरासत में लिए गए बीएसएससी अध्यक्ष सुधीर कुमार