विधायक ने लिया फसल क्षति का जायजा
कुढ़नी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता शनिवार को छितरौली गाव पहुंचे जहां तेंदुआ से जख्मी किसानों से मिले।
मुजफ्फरपुर। कुढ़नी विधायक केदार प्रसाद गुप्ता शनिवार को छितरौली गाव पहुंचे जहां तेंदुआ से जख्मी किसानों से मिले। उन्होंने तेंदुआ पकड़ने के दौरान हुई फसल क्षति व जख्मी किसानों के इलाज को लेकर डीएम से बात की। डीएम ने सभी पीड़ित किसानों को प्रशासन की ओर से मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया। इधर, खेतों में लगी गेहूं की फसल देख किसानों के चेहरे मुर्झा गए। किसान उमेश शर्मा, लक्ष्मण शर्मा, जलंधर सहनी, नंदकिशोर सिंह, नवल किशोर आदि ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ने व देखने के दौरान जो गेहूं की फसल बर्बाद हुई, वह कुछ दिनों बाद कटने वाली थी। इससे किसानों को लाखों की क्षति हुई। किसानों ने कुढ़नी बीडीओ व सीओ समेत अन्य अधिकारियों से फसल क्षति की शिकायत की। अधिकारियों ने वन विभाग से फसल क्षति व जख्मी लोगों के इलाज को राशि दिलवाने का भरोसा दिया। सीओ नीरज कुमार सिंह ने बताया कि फसल क्षति का आकलन हल्का कर्मचारी से कराकर वन विभाग के अधिकारियों को सौंपा जाएगा।