प्रथम सोमवारी को स्नान के दौरान दो किशोरी डूबीं
प्रखंड के चिंतामनपुर गांव स्थित नारायणी नदी में प्रथम सोमवारी को जलबोझी के पूर्व स्नान करने गई दो किशोरियां डूब गई।
मुजफ्फरपुर। प्रखंड के चिंतामनपुर गांव स्थित नारायणी नदी में प्रथम सोमवारी को जलबोझी के पूर्व स्नान करने गई दो किशोरियां डूब गई। उनकी खोज में गोताखोर जुटे हैं। गांव के ही विनोद राय की 15 वर्षीय पुत्री रुबी कुमारी और कन्हाई राय की 17 वर्षीय पुत्री मंजू कुमारी प्रथम सोमवारी को शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए नारायणी नदी में स्नान कर जलबोझी करने गई थीं। स्नान करने के दौरान दोनों गहरे पानी में चली गई, जहां से काफी प्रयास के बाद भी बाहर नहीं निकल सकीं। दोनों को डूबते देख कई लोग बचाव के लिए पानी में उतरे, लेकिन उनका पता नहीं लग सका।
घटना की खबर मिलते ही गायघाट की पूर्व विधायक वीणा देवी, पारू विधायक अशोक कुमार सिंह, राजद नेता शंकर यादव उनके घर पहुंचे। परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। सरैया सीओ व सरैया थानाध्यक्ष भी किशोरियों की खोज में घटनास्थल पर मौजूद हैं। देर शाम तक दोनों को नहीं खोजा जा सका था।