शिक्षित व संगठित हो बारी समाज
बिहार राज्य बारी संघ ने गुरुवार को अहियापुर के शेखपुर स्थित सिटी गार्डेन विवाह भवन परिसर में राजा शिवदीन सिंह बारी जयंती समारोह मनाया।
मुजफ्फरपुर। बिहार राज्य बारी संघ ने गुरुवार को अहियापुर के शेखपुर स्थित सिटी गार्डेन विवाह भवन परिसर में राजा शिवदीन सिंह बारी जयंती समारोह मनाया। अध्यक्षता अशर्फी राउत बारी ने की। उन्होंने बारी जाति के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतिहास साक्षी है कि इस समाज में कई वीर व विद्वतजन हुए हैं। अगर यह समाज संगठित हो जाए तो किसी भी जाति से कम नहीं है। समाज के लोगों को चाहिए कि वे शिक्षित और संगठित होकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम संयोजक जगदीश राउत बारी ने समाज के लोगों से स्वार्थ, द्वेष व ईष्र्या की भावना से ऊपर उठकर तन, मन व धन से एकजुट तथा संगठित होकर एक शिक्षित समाज का निर्माण करने की अपील की।
डॉ.शिवशंकर प्रसाद बारी ने कहा कि व्यक्ति अपने कर्म से महान बनता है। यदि बारी जाति का गौरव बढ़ाना है तो हमें अपने बच्चों को उच्च शिक्षा देनी होगी। प्राय: ऐसा देखा जाता है कि लोग ऊंचे पद पर रहते हुए अपनी पहचान को बदल देते हैं। हमें अपनी जाति का झंडा गाड़ना होगा।
वक्ताओं ने राजा शिवदीन सिंह बारी को नमन करते हुए कहा कि राजबरेली के अंतर्गत बछरावां तहसील के भवानी गढ़ का किला अब भी उस महान वीर की गाथा गा रहा है। समारोह में आरा, भोजपुर के रामधनी भारती बारी, दरभंगा के कुमार लक्ष्मी नारायण बारी, यहां के राम कुमार राउत, भोला प्रसाद बारी, पूर्वी चंपारण के योगेंद्र प्रसाद बारी, श्याम नारायण राउत बारी, त्रिलोकी नाथ राय बारी, अवधेश कुमार बारी, ब्रह्मादेव राउत बारी, महेंद्र राउत बारी, अभिषेक बारी, ललन प्रसाद बारी, अभिमन्यु कुमार बारी, विमलेश कुमार बारी आदि ने भी विचार रखे।