42 घर समेत लाखों की संपत्ति राख
कथैया थाना क्षेत्र के सघनपुरा गांव में रविवार को अचानक लगी आग में 42 घर आग की भेंट चढ़ गए।
मुजफ्फरपुर। कथैया थाना क्षेत्र के सघनपुरा गांव में रविवार को अचानक लगी आग में 42 घर आग की भेंट चढ़ गए। अग्निकाड में 15 लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। ंमौके पर पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पाया। वकील सहनी के घर से अचानक आग की लपटें उठीं। देखते-देखते लपटों ने आसपास की घरों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया जिसने 42 घरों को जलाकर राख कर दिया।
इनके घर जले
जगन्नाथ सहनी, मदन सहनी, ललिता कुंवर, मनोज सहनी, राजमंगल सहनी, भाग्यनारायण सहनी, निहोरा सहनी, भगवान सहनी, रामेश्वर सहनी, संतोष सहनी, मुकेश सहनी, अखिलेश सहनी, प्रभु सहनी, पप्पू सहनी, विकास सहनी, विशेश्वर सहनी, विष्णु सहनी, दिलीप सहनी, बैद्यनाथ सहनी, अनवर लाल सहनी, रामनिहोरा सहनी, कमलेश सहनी, अमलेश सहनी, कौशल किशोर सहनी, रामविनोद सहनी, सुशीला कुंवर, पाचो देवी, सुरेंद्र सहनी, भिखारी सहनी, लालबाबू सहनी, रामायण सहनी, मनिंदर सहनी, कृष्णा सहनी, नागेंद्र सहनी, उमाशकर सहनी, रामसखी देवी, अजीत कुमार, रामनारायण सहनी, कामेश्वर सहनी, कैलाश सहनी, कवींद्र सहनी, रामस्वरूप सहनी, रामानंद सहनी आदि।
पहुंचे अधिकारी-जनप्रतिनिधि
भीषण आग की सूचना मिलते ही आइएएस सावन कुमार पहुंचे। फिर विधायक नंद कुमार राय, प्रखंड प्रमुख पूनम गुप्ता, मुखिया आलोक सिंह भी पहुंचे व पीड़ितों से इस बाबत जानकारी ली। विधायक एवं प्रमुख ने सीओ शिवाजी सिंह को फोन कर राहत सामग्री वितरित करने का निर्देश दिया। रेड क्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला सचिव उदय शंकर प्रसाद सिंह ने बताया कि संस्था की ओर से कंबल, चूड़ा, गुड़, बर्तन व त्रिपाल आदि राहत सामग्री भेजी गई है। मुखिया व राजद नेता सुबोध कुमार यादव ने भी पीड़ितों में भोजन एवं कंबल का इंतजाम कराया। सीओ ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजा गया है। सूची बनाई जा रही है।
फायर ब्रिगेड ने नियंत्रित की आग
आग लगने से गांव में अफरातफरी मच गई। घरों से सामान निकालने का प्रयास सफल नहीं हो सका। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड दस्ते ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।