मालगोदाम में मजदूरों का प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर : नारायणपुर अनंत मालगोदाम व्यवसायी संघ के बैनर तले शनिवार को मजदूरों ने गोदाम के मेन गेट
मुजफ्फरपुर : नारायणपुर अनंत मालगोदाम व्यवसायी संघ के बैनर तले शनिवार को मजदूरों ने गोदाम के मेन गेट पर 24 घंटे काम के नियम को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने प्रधानमंत्री व रेलमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया। इससे गोदाम का कामकाज ठप हो गया। सांसद अजय निषाद ने मजदूरों से मुलाकात की और नए नियम को वापस कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए दो दिन का समय मांगा। मजदूरों के ठेकेदार पवन राय ने कहा कि रेलवे का नियम बदलता रहता है। पहले सुबह छह बजे से शाम छह बजे और इसके बाद इसे बढ़ाकर रात दस बजे तक कर दिया। गोदाम में शौचालय, रेस्ट रूम, चापाकल, साफ-सफाई समेत अन्य सुविधाएं नदारद हैं। सिर्फ धूल ही धूल मिलता है। नया नियम जबतक वापस नहीं होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। गोदाम में सुविधाओं को बढ़ाना होगा। संघ के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह व उपाध्यक्ष टुनटुन सिंह ने कहा कि हड़ताल जारी है। रेलमंत्री से लेकर महाप्रबंधक व जिलाधिकारी समस्याओं से अवगत हैं फिर भी कोई निदान नहीं निकल रहा है। मजदूरों का प्रदर्शन जारी रहेगा।
मौके पर लक्ष्मी राय, सुरेन्द्र राय, फिरोज, व्यापारी विपिन शाही, मृत्युंजय कुमार उर्फ बाबू साहब, श्याम भिमसेरिया, आमोद तिवारी, संजीव कुमार सिंह, परमानंद सिंह, रुपेश कुमार सिंह, कन्हैया सिंह, राकेश कुमार उर्फ मामू, चंचल कुमार, बिन्नू तिवारी, विनोद तिवारी, बिटू तिवारी समेत एक हजार मजदूर मौजूद थे।
एसडीओ पूर्वी ने लिया जायजा
हड़ताल की सूचना पर एसडीओ पूर्वी गोदाम पहुंचे। व्यापारियों व मजदूरों ने अधिकारियों को गोदाम की समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद मजदूरों ने अधिकारी से मांगों का निदान शीघ्र निकलवाने की मांग की।