सरकारी विद्यालयों पर शिकंजा कसेगा नगर निगम
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर : निगम क्षेत्र स्थित सरकारी विद्यालयों की मनमानी से नाराज नगर निगम उन
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर :
निगम क्षेत्र स्थित सरकारी विद्यालयों की मनमानी से नाराज नगर निगम उनपर शिकंजा कसेगा। प्रधानाध्यापकों द्वारा वार्ड पार्षदों सह विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्षों की उपेक्षा अब बर्दास्त नहीं की जाएगी। महापौर स्वयं विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर विद्यालयों में की जा रही गड़बड़ी रोकने के लिए कार्रवाई की अनुशंसा शिक्षा विभाग एवं जिलाधिकारी को करेंगी। वार्ड 42 स्थित तुलसी मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष व वार्ड पार्षद अर्चना पंडित की उपेक्षा एवं उनके पति बबलू पंडित के साथ की गई मारपीट की घटना की शिकायत सीएम एवं डीएम से की जाएगी। उनको निलंबित करने की मांग की जाएगी। इस आशय का फैसला शुक्रवार को कालीबाड़ी रोड स्थित विजय खरे के आवास पर आयोजित पार्षदों की बैठक में लिया गया। बैठक में तीन दर्जन वार्ड पार्षद शामिल हुए। पार्षदों ने आरोप लगाया कि विद्यालय की निगरानी एवं विकास कार्य में सहयोग के लिए विद्यालय शिक्षा समिति का गठन किया गया है। उसके अध्यक्ष संबंधित वार्ड के पार्षद होते हैं। लेकिन, विद्यालय प्रशासन द्वारा उनकी उपेक्षा की जाती है। न उनको बैठकों में बुलाया जाता है और न ही विद्यालय से संबंधित जानकारी दी जाती है। पार्षद द्वारा किसी भी प्रकार की जानकारी मांगे जाने पर देने से इंकार कर दिया जाता है। तय किया गया कि यदि विद्यालय प्रशासन की मनमानी नहीं रुकी तो पार्षद वार्ड की जनता के साथ आंदोलन करेंगे। बैठक के बाद पार्षदों ने महापौर वर्षा सिंह से मिलकर अपनी बात रखी। महापौर ने कहा कि पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वे जिलाधिकारी से मिलकर अपनी बात रखेंगी। साथ ही मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं विभाग के प्रधान सचिव को भी मामले से अवगत कराया जाएगा। बैठक में रामेश्वर पासवान, संजय पासवान, दीपलाल राम, अर्चना पंडित, रिजवाना खातून, आभा रंजन, आनंद महतो, त्रिभुवन राय, कृष्ण कुमार साह, शीतल गुप्ता, एकबाल कुरैशी, ममता सिंह, राजेश कुमार, पार्षद प्रतिनिधि लोहा सिंह आदि शामिल हुए।