प्रधान डाकघर में कामकाज ठप, हंगामा
जासं, मुजफ्फरपुर : लिंक फेल होने से प्रधान डाकघर में कंप्यूटरों ने काम करना बंद कर दिया है। यह स्थित
जासं, मुजफ्फरपुर : लिंक फेल होने से प्रधान डाकघर में कंप्यूटरों ने काम करना बंद कर दिया है। यह स्थिति दो दिनों से है। अभी तक सुधार की दिशा में कोई कार्य नहीं हुआ है। काम न होने से करोड़ों का लेन-देन प्रभावित हुआ है। सैकड़ों लोग परेशान होकर वापस लौट रहे हैं। लोगों ने जमकर हंगामा भी किया। यहां बता दें कि प्रधान डाकघर में कार्यप्रणाली का सॉफ्टवेयर सिस्टम अक्सर बाधित रहता है। प्रिंटर की खराबी, कम्प्यूटर सही ढंग से काम न करना, सर्वर डाउन रहना समेत अन्य समस्याएं बनीं रहती हैं। ताजा मामला यह है कि बुधवार की शाम से कम्प्यूटर में तकनीकी खराबी के कारण काम बंद हो गया। शुक्रवार को भी वही स्थिति बरकरार रही। रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, मनीआर्डर आदि नहीं हो पा रहे हैं।
यहां चलती कर्मियों की मनमानी
एजेंट माधव प्रसाद ठाकुर, शिवशंकर शर्मा, सुरदीप दास आदि ने बताया कि दो दिनों से वे नकद लेकर आते हैं और वापस चले जाते हैं। वहीं, कुछ लोग बिना नाम बताए कर्मियों को कोसते हुए कहते हैं कि यहां वर्षो से जमे कर्मियों की मनमानी चलती है। तबादले में नियमों की अनदेखी होती है। इससे भी कामकाज प्रभावित होता है।
जमा-निकासी बंद
न तो विभिन्न योजनाओं का पैसा जमा हो पा रहा है और न ही नए ग्राहक खाता खुलवा पा रहे हैं। रिटायर्ड कर्मी राजेंद्र सिन्हा भगवानपुर से पैसा निकालने आए, लेकिन निराश वापस लौटे। ये स्थिति दर्जनों लोगों की रही। इसी प्रकार वेस्टर्न मनी यूनियन के तहत विदेशों से आने वाले पैसे का भुगतान भी ठप रहा।
परेशानी के लिए खेद है
ग्राहकों को ढाढस बंधाने के लिए एक सूचना मुख्य काउंटर पर टंगी है। सर्वर खराब होने से काम ठप है। परेशानी के लिए खेद है। प्रोजेक्ट एरो ग्रेड प्राप्त प्रधान डाकघर में दो दिनों से अधिकारियों द्वारा सर्वर ठीक कराने के लिए कोई उपाय न करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस संबंध में प्रवर डाकपाल टीके राय से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।