मीनापुर विधायक के घर पर हमला
जासं, मुजफ्फरपुर : मीनापुर के जदयू विधायक व पूर्व मंत्री दिनेश प्रसाद के बनारस बैंक चौक स्थित किराए
जासं, मुजफ्फरपुर : मीनापुर के जदयू विधायक व पूर्व मंत्री दिनेश प्रसाद के बनारस बैंक चौक स्थित किराए के आवास पर रविवार दोपहर दो नकाबपोश अपराधियों ने हमला बोल उनके परिजनों के साथ मारपीट की। हमलावर विधायक पुत्र व भाजपा नेता अजय कुमार व उनके पौत्र को खोज रहे थे। नहीं मिलने पर पुत्रवधू रेखा देवी को बाल पकड़कर न केवल घसीटा बल्कि उनकी पिटाई भी की। बाद में धमकी देते हुए निकल गए कि 'तुम्हारा परिवार नहीं बचेगा। कितना दिन तक भाग कर रहेगा। भागने से काम नहीं चलेगा। पति व बेटे की हर हाल में हत्या कर देंगे।' पिछले 18 फरवरी को अजय कुमार को मोबाइल पर भाकपा माओवादी के सब जोनल कमांडर भास्कर का आदमी बताते हुए उन्हें धमकी दी थी। धमकी में सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र स्थित उनके प्रतिष्ठान व शहर स्थित आवास पर हमले की बात शामिल थी। आज की घटना के पीछे नक्सलियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। लेकिन, फिलहाल कोई इसकी पुष्टि नहीं कर रहा। इस संबंध में अजय कुमार के बयान पर नगर थाना में दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आवास पर थीं सिर्फ महिलाएं : बदमाश कैसे आए और किस रास्ते से गए, किसी ने नहीं देखा। क्योंकि घटना के समय घर पर दो महिलाएं ही थीं। विधायक की पुत्रवधू ने बताया कि दोनों नकाबपोश की उम्र 30-35 वर्ष के बीच रही होगी। वे शर्ट-पैंट में थे।
विलंब से पहुंची पुलिस : घटना की सूचना विधायक के पुत्र ने जोनल आइजी पारस नाथ और एसएसपी रंजीत कुमार मिश्रा को दी। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर डीएसपी अनिल कुमार सिंह व नगर थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह उनके घर पर पहुंचेऔर मामले की छानबीन की। हालांकि, घटना के करीब साढ़े तीन घंटे बाद पुलिस के पहुंचने से उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा हो गया है।
बिगड़ी पुत्रवधू की हालत
घटना के बाद विधायक की पुत्रवधू की हालत बिगड़ गई है। वह बार-बार बेहोश होकर गिर रही थीं। घर पर ही उनका इलाज चल रहा है। इस हमले से विधायक व उनका पूरा परिवार दहशत में है। इसे देखते हुए पुलिस ने आवास के आसपास गश्त बढ़ा दी है। नगर डीएसपी ने कहा कि विधायक के परिवार की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
कई बार मिल चुकी है धमकी
पुलिस रिकार्ड पर गौर करें तो विधायक व उनके पुत्र को पूर्व में भी मोबाइल पर धमकी मिल चुकी है। गत सप्ताह विधायक ने पटना के सचिवालय थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। वहीं उनके पुत्र अजय इसकी जानकारी डीएम व एसएसपी को दे चुके हैं। इस घटना के बाद उन्हें सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने के लिए पुलिस लाइन बुलाया गया था। लेकिन, मनपसंद जवान नहीं मिलने के कारण बिना सुरक्षा गार्ड लिए ही विधायक पुत्र लौट गए।
इनसेट
पुलिस कार्रवाई से
विधायक असंतुष्ट
जासं, मुजफ्फरपुर : विधायक दिनेश प्रसाद ने कहा कि उनके नगर थाना स्थित आवास पर हमला राजनीतिक विरोधियों की साजिश है। पुलिस की अब तक की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। पिछले दिनों सचिवालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अगर, त्वरित कार्रवाई होती तो यह घटना नहीं होती। पुत्र अजय कुमार हाल में ही जदयू छोड़कर भाजपा में गए हैं। पार्टी के सदस्यता अभियान को गति देने में लगे हैं। इस कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है। धमकी में नक्सलियों का हाथ होने से इंकार करते हुए कहा कि वे गरीबों के बीच लगातार काम करते हैं। उनकी सेवा की है। खुद किसान हैं और गांव से जुड़े हैं। कुछ राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से घटना करवा रहे हैं। उन्होंने परिवार को पूरी सुरक्षा देने की मांग की।