फैक्ट्री मालिक हत्याकांड के मुख्य आरोपी का सरेंडर
जासं, मुजफ्फरपुर : औराई थाना के हलीमपुर निवासी मो.मोशीर अहमद की अपहरण के बाद हत्या का मुख्य आरोपी मे
जासं, मुजफ्फरपुर : औराई थाना के हलीमपुर निवासी मो.मोशीर अहमद की अपहरण के बाद हत्या का मुख्य आरोपी मेरीडीह निवासी मो.शहाबुद्दीन ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम श्रेणी) जावेद आलम ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मृतक का दिल्ली और मुंबई में चेन व बेल्ट की फैक्ट्री है। 10 मार्च को खेत दिखाने के बहाने अपहरण कर हत्या करने का आरोप शहाबुद्दीन पर है। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
शहाबुद्दीन की गिरफ्तारी को लेकर हुआ था आंदोलन : मो.मोशीर के गायब होने के बाद अपहरण की आशंका जताते हुए उसके ससुर महेशस्थान निवासी मो.सफी अहमद ने अपहरण की आशंका जताते हुए औराई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अगले दिन उसकी हत्या कर फेंका गया शव कटरा थाना क्षेत्र में मिला था। इसके बाद आक्रोशित लोग औराई बाजार बंद करा कर सड़क पर उतर आए थे। लोग आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। लोगों के आंदोलनात्मक रूख को देखते हुए बढ़ी पुलिस दबिश से घबरा कर उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी पुलिस : हत्याकांड में नामजद के अलावा कई अन्य लोगों की संलिप्तता पुलिस के सामने आई है। पुलिस पूछताछ के लिए शहाबुद्दीन को रिमांड पर लेगी। इसके लिए जल्द ही न्यायालय में अर्जी दाखिल की जाएगी।