बर्तन कम देने पर दबंगों ने पीटा, हंगामा
मुशहरी (मुजफ्फरपुर), संवाद सहयोगी : थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव मे मंगलवार की शाम विवाह समारोह के
मुशहरी (मुजफ्फरपुर), संवाद सहयोगी : थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव मे मंगलवार की शाम विवाह समारोह के लिए मिट्टी का बर्तन कम देने पर दबंगों ने घर बुलाकर एक कुम्भकार की जमकर पिटाई कर दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आएं। लक्ष्मी चौक से मारकन जाने वाले सड़क को जाम कर दिया। जमकर नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर थाने के पदाधिकारी लाल कुमार पासवान, विजय कुमार पासवान व मुखिया पति राजहंस यादव घटना स्थल पर पहुंचे। इन सबके आने के बाद लोगों के तेवर और सख्त हो गए। घायल को खाट पर लिटाकर सड़क पर प्रदर्शन करने लगे। काफी समझाने पर लोग माने। स्थानीय लोगों में उषा देवी, मंजु देवी, रिंकु देवी, मीना देवी, सुनैना देवी, विनोद महतो, चुल्हाई राम, हरि महतो आदि ने आरोप लगाते हुए बताया कि इसी गांव के देवेंद्र तिवारी की पोती की शादी अगले दो दिन में होनी है। इसके लिए कुम्भकार भोला पंडित को मिट्टी का बर्तन देने को कहा गया था। इसने कुछ कम बर्तन दिया। इससे गुस्साए उनलोगों ने उसे अपने दरवाजे पर बुलाकर उसकी पिटाई कर दी। पीटने वालों मे राजीव त्रिवेदी, कन्हाई त्रिवेदी, रंजन कुमार त्रिवेदी एवं मंडलेश्वर त्रिवेदी शामिल थे। मुशहरी पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इधर, दूसरे पक्ष के लोगों ने भी थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि भोला पंडित, अवधेश पंडित के साथ दस-पंद्रह लोगों ने ब्रह्मा स्थान के पास घेर कर सड़क पर पटक दिया। पिटाई कर चेन छीन ली।