अवध असम एक्सप्रेस में लूट
-टीटीई बनकर मांगा पहचान पत्र, फिर दिया घटना को अंजाम
- यात्रियों ने मुजफ्फरपुर रेल थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
मुजफ्फरपुर, संवाद सहयोगी : मुजफ्फरपुर-छपरा रेल खंड पर सिवान व छपरा के बीच बीती रात लालगढ़ से गुवाहाटी जा रही 15610 अवध असम एक्सप्रेस के जनरल व विकलांग बोगी में लूटपाट हुई। ट्रेन को वैक्यूम कर लुटेरे फरार हो गया। इससे ट्रेन में अफरातफरी मच गई। ट्रेन के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने पर मालदा निवासी रतन सरकार, अशोक राजवंश और अन्य यात्रियों ने रेल थाने में प्राथमिकी दर्ज की।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात 3.30 बजे सिवान स्टेशन पर ट्रेन पहुंची। यहीं पर विकलांग व जनरल बोगी में आधा दर्जन लुटेरे चढ़ गए। ट्रेन खुलने के वक्त वे सभी सादी ड्रेस में थे। कुछ देर बाद वे टीटीई वर्दी में टिकट की जांच शुरू कर दी। इस दौरान यात्रियों के पहचान पत्र की जांच की। साथ ही सभी दरवाजे बंद कर लूटपाट शुरू कर दी। मोबाइल, नगदी व अन्य सामान लूट लिए गए। जिसने विरोध किया उसकी पिटाई की गई। गश्ती दल को खोजने पर कोई नहीं मिला। यात्रियों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। यात्रियों ने कहा कि ट्रेन में सुरक्षा राम भरोसे थी। रात का समय होने पर हाजीपुर, छपरा व सोनपुर में शिकायत नहीं कर सके। यात्रियों ने पुलिस को अपराधियों के हुलिया की जानकारी दी। इसमें एक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई। अन्य की उम्र करीब 24 व 25 वर्ष थी।
रेल थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि सिवान व छपरा के बीच घटना घटी है। यात्रियों के बयान लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सिवान व छपरा रेल थाने को शिकायत भेज दी गई है।