मृत भी पैक्स सदस्यों की सूची में
- चुनाव से पहले गरमाया माहौल,
उपमुखिया ने की जांच की मांग
- जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में
दिए गए मतदाताओं के आंकड़े
जासं, मुजफ्फरपुर : सहवाजपुर पंचायत में बड़े पैमाने पर फर्जी पैक्स सदस्य बनाए जाने के मामले का खुलासा हुआ है। कई ऐसे सदस्यों के नाम सामने आए हैं, जो इस दुनिया में नहीं हैं। सहवाजपुर पंचायत राज की उपमुखिया वंदना देवी ने कई मृतकों के नाम भी पैक्स सदस्यों की सूची में शामिल किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी से इसकी जांच कराने की मांग की है।
इसे लेकर पैक्स की राजनीति गरमा गई है। पैक्स का चुनाव अक्टूबर तक होना है। लिहाजा, हर पैक्स में सदस्य बनाए जाने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। उप मुखिया की मानें तो चुनाव को पैक्स मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी की जा रही है। इस संबंध में उन्होंने प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुशहरी को सौंपे ज्ञापन के साथ पैक्स की मतदाता की सूची में शामिल मृतकों का पूरा आंकड़ा संलग्न किया गया है। कहा गया है कि सूची में तकरीबन 6 प्रतिशत सदस्य ऐसे ही है। यही नहीं जिन लोगों के पास जमीन नहीं है और रेंट पर मकान लेकर रह रहे हैं, उनका नाम सदस्यों की सूची में अंकित है। जबकि, सही किसान इससे वंचित हैं। बड़ी संख्या में एक ही सदस्य कई स्थानों पर सदस्य बने हुए हैं। सूची में सदस्यों की क्रम संख्या का जिक्र करते हुए उप मुखिया ने प्रशासन से ऐसे लोगों से शपथ-पत्र लिए जाने की मांग की गई है।