नेपाल से लौटाये गए सिने स्टार मनोज वाजपेयी
नरकटियागंज(पच) : गौनाहा में कार्यक्रम के बाद सिने स्टार मनोज वाजपेयी शनिवार को भारत नेपाल सीमा के भिखनाठोरी बॉर्डर पर पहुंचे। अपने मित्र ज्ञानदेवमणि त्रिपाठी व सुरक्षा गार्डो के साथ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ठोरी के लिए निकले। जैसे ही ठोरी में पहुंचे नेपाल सशस्त्र बल के जवानों ने सुरक्षा गार्डाे से हथियार छीन लिया। एक दूसरे देश में हथियार के संग जाने पर रोक होने की नसीहत देते हुए नेपाल पुलिस के जवानों ने कहा कि बॉर्डर क्षेत्र में तैनात एसएसबी ने भी आपको हथियार के साथ नेपाल जाने पर रोक की जानकारी नहीं दी। मामला उलझता देख अभिनेता मनोज वाजपेयी व उनके मित्र ज्ञानदेव मणि त्रिपाठी ने इसकी जानकारी से अनभिज्ञता जताते हुए अनुरोध किया तब जाकर उनके सुरक्षा गार्डों के हथियार वापस लौटाए गए। उस स्थल से ही सभी लोगों को भारतीय क्षेत्र में लौटा दिया गया। सूत्रों का कहना है कि गौनाहा में कार्यक्रम के बाद अभिनेता ने सुभद्रा मंदिर में पूजा अर्चना की। दिन का भोजन नेपाल स्थित ठोरी में संगीता के प्रतिष्ठान में निर्धारित था। मगर वर्दी व हथियार के संग सुरक्षा गार्डो का सीमा से नेपाल में प्रवेश करना महंगा पड़ा और अभिनेता समेत सभी लोगों को वापस लौटना पड़ा। सशस्त्र पुलिस बल परसा जिला के एसपी हरक बहादुर रावल ने बताया कि एक दूसरे देश की सीमा में हथियार लेकर प्रवेश पर रोक है। अभिनेता मनोज वाजपेयी के साथ गए सुरक्षा कर्मियों को रोका गया। फिर वहीं से लौटा दिया गया।