यूनियन का हो दोबारा से चुनाव: अरविंद
मुंगेर, संवाद सहयोगी
दी मुंगेर टोबैको मैन्युफैक्चरिंग वर्कर्स यूनियन के सदस्यों ने आईटीसी गेट पर बुधवार को एक दिवसीय धरना दिया। धरना के माध्यम से यूनियन के सदस्यों ने दोबारा से संवैधानिक तरीके से यूनियन के चुनाव की मांग की। धरना को संबोधित करते हुए धरना का नेतृत्व कर रहे अरविंद कुमार सिन्हा ने कहा कि मो. शमसी ने अवैध रूप से चुनाव का कागज बना यूनियन का चुनाव करा लेने का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मो. शमसी ने यूनियन के नियमों को ताक पर रखकर यह घीनौनी हरकत की है। इसके बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं धरना को संबोधित कर रहे जनाधिकार मोर्चा के संस्थापक सदस्य संजय केसरी ने कहा कि मताघिकार ही सबसे बड़ा जनाधिकार होता है। इसलिए यूनियन का अविलंब चुनाव कराया जाय अन्यथा आगे और भी उग्र आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि यूनियन का चुनाव करीब तीन साल पहले हुआ था, इसके बाद चुनाव हीं नहीं हुआ तो शमसी ने चुनाव कराने का पेपर कैसे तैयार करवा लिया। धरना को भाजपा नेता राजेश जैन, अजीत मिश्रा, संजय कुमार साह आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर विभाष यादव, जयंत शर्मा, रंजीत यादव, सच्चिदानंद प्रसाद, नरेश सिन्हा, जयकृष्ण मंडल आदि उपस्थित थे।