अव्यवस्था पर भारी पड़ी आस्था, घंटों इंतजार में खड़े रहे लोग
प्रशांत, मुंगेर
पतित पावनी गंगा के प्रति लोगों की आस्था अव्यवस्था पर भारी पड़ गई। मंगलवार की सुबह से एनएच 80 पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। गंगा जागरण यात्रा रथ के स्वागत में लोग पलक पावड़े बिछा रखे थे। घंटों इंतजार के बाद रथ आया, तो लोग पुष्प लेकर रथ की ओर दौड़ पड़े। तेलिया तालाब, नौवागढ़ी से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्र पाटम में महिला, बच्चे, युवा व बुजुर्ग हर कोई रथ पर रखे पतित पावनी गंगा के जल से भरे कलश पर पुष्प अर्पित कर जय-जय गंगे के जयघोष के साथ गंगा को फिर से निर्मल बनाने का संकल्प लिया। रथ आगे बढ़ी, तो सिस्टम की लापरवाही उजागर हो गई। पर्यटक स्थल में शुमार ऋषिकुंड जाने वाली सड़क पर गंगा रथ हिचकोले खाने लगी। ऋषिकुंड से कुछेक कदम पहले रथ वाले वाहन का गियर बाक्स टूट गया। रथ चालकों के दल ने किसी तरह से तार बांध कर रथ को आगे बढ़ाने का काम किया। ऋषिकुंड से आगे बढ़ने पर स्थिति दुरुह हो गई। रथ का एक कदम भी आगे बढ़ पाना मुश्किल हो रहा था। कीचड़ गंगा रथ का रास्ता रोकने पर उतारू थी। लेकिन, गंगा के प्रति आस्था सभी अव्यवस्था पर भारी पड़ गई। बिलैया, गालिमपुर, मिर्जापुर आदि गांवों में ग्रामीणों ने रथ को धक्का देकर कीचड़ से आगे बढ़ाया। गंगा रथ यात्रा का यह दृश्य पूरे अभियान का प्रतीकात्मक दृश्य उत्पन्न कर रहा था। जैसे कुछ लोग भले गंगा को प्रदूषित करने पर उतारू हों। लेकिन, गंगा जागरण यात्रा ने यह विश्वास पैदा कर दिया है कि अब जाह्नवी फिर से निर्मल व अविरल होगी। रथ कला की धरती खड़गपुर पहुंची। जहां सैकड़ों की संख्या में शहर के बुद्धिजीवियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, गायत्री शक्ति पीठ के सदस्यों ने रथ का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने आरती उतारी, मंगल गायन किया और लगे हाथ गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प भी ले लिया। टेटिया बम्बर में भी प्रमुख निरंजन मंडल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और स्कूली छात्रों ने रथ का भव्य स्वागत किया। तारापुर पहुंचते-पहुंचते चार बज गए थे। इंतजार करने वाले लोगों का धैर्य जवाब देने लगा था। लेकिन, मां गंगा के प्रति अगाध प्रेम लोगों को घर जाने से रोक रहा था। रथ देखते ही लोग हर-हर गंगे, जय-जय गंगे का जयघोष करने लगे। भाजपा जिलाध्यक्ष कुमार प्रणय के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने रथ की आगवानी की। इसके बाद गंगा जागरण यात्रा रथ को उल्टानाथ महादेव मंदिर लाया गया। जहां तारापुर डीएसपी राजवंश, डीसीएलआर पुष्पेश कुमार, थानाध्यक्ष शशिकांत सिन्हा, परामाउंट एकेडमी के वेदनंद झा, महेश कुमार सिंह, नरेंद्र कुमार सिंह, सुबोध कुमार गुप्ता आदि के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने रथ का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने रथ की आरती उतारी। फिर सभी ने एक साथ संकल्प लिया- मैं संकल्प लेता हूं कि गंगा को प्रदूषित नहीं होने दूंगा। इसके लिए जो भी संभव होगा, प्रयास करूंगा। महादेव मंदिर में गंगा का इससे बेहतर स्वागत क्या हो सकता है। रथ धीरे-धीरे भागलपुर की ओर प्रस्थान कर गई। लेकिन, मुंगेर के लोगों ने यह जता दिया - .. अब गंगा के भी अच्छे दिन आने वाले हैं।