दाह-संस्कार करने आए तीन युवक गंगा में डूबे
मुंगेर, संवाद सूत्र : दाह-संस्कार करने आए तीन युवक गुरुवार को मुंगेर जहाज घाट के समीप डूब गए। समाचार लिखे जाने तक शवों को नहीं तलाशा जा सका था।
जानकारी के अनुसार धरहरा गांव से बड़ी संख्या में लोग देवेन्द्र सिंह के शव का दाह-संस्कार करने आए थे। इसी दौरान प्रिंस कुमार (26), रेलवे कर्मी बलवीर सिंह (24) एवं आलोक कुमार (20) गंगा स्नान करने के लिए जहाज घाट पर गए। इसी दौरान एक युवक नदी में डूबने लगा। इन्हें बचाने के फेर में तीनों युवक एक-एक कर नदी में डूब गए। वहां मौजूद लोगों ने अपने स्तर से लाशों को खोजने का प्रयास किया। घटनास्थल पर राकेश कुमार, मिथुन सिंह व नवीन सिंह सहित अन्य ने बताया कि प्रशासन को घटना की सूचना दी गई है, लेकिन दो घंटे बाद भी प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा। इस बाबत सदर सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शवों को खोजने के लिए महाजाल की व्यवस्था की जा रही है।