बिहार : वायुसेना के लापता सैन्य विमान में मधुबनी के फ्लाइट इंजीनियर राजीव भी
मधुबनी जिला अंतर्गत रहिका प्रखंड के सौराठ मुसहरी गांव निवासी उदय चंद्र मिश्र व नीलम देवी के बड़े पुत्र फ्लाइट इंजीनियर राजीव रंजन (38) भी लापता हुए AN 32 विमान में सवार थे।
By Kajal KumariEdited By: Published: Sun, 24 Jul 2016 08:25 AM (IST)Updated: Sun, 24 Jul 2016 02:08 PM (IST)
मधुबनी [जेएनएन]। चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर के लिए शनिवार को उड़ान भरने वाले सेना के एएन 32 परिवहन विमान का अभी तक कोई पता नहीं चला है। बंगाल की खाड़ी में लापता हो गए इस विमान में बिहार के रहने वाले फ्लाइट इंजीनियर राजीव रंजन भी थे। घटना के बाद मधुबनी स्थित उनके गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
मधुबनी जिला अंतर्गत रहिका प्रखंड के सौराठ मुसहरी गांव निवासी उदय चंद्र मिश्र व नीलम देवी के बड़े पुत्र फ्लाइट इंजीनियर राजीव रंजन (38) भी लापता हुए विमान में सवार थे। राजीव के पिता उदयचंद्र झा ने इसकी जानकारी मधुबनी में रहने वाले अपने रिश्तेदार राकेश मिश्र को दी।
राकेश मिश्र ने बताया कि राजीव के पिता उदय चंद्र मिश्र अपनी पत्नी नीलम देवी संग दुबई से आ रहे दूसरे बेटे को रिसीव करने दिल्ली जा रहे थे कि उसी दौरान उन्हें हादसे की विभागीय सूचना दी गई।
राजीव के मिलने के संबंध में अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। इस खबर के पहुंचते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
राकेश मिश्र ने बताया कि राजीव मिलनसार व सामाजिक विषयों में रुचि रखने वाला युवक है। वह पिछले होली से पूर्व फरवरी माह में घर आया था। राजीव तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ा है। उसकी शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी। उसे एक पुत्र व एक पुत्री है। पत्नी व बच्चे कोयटंबूर में रहते हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें