मधुबनी में किराना व्यवसायी की हत्या, जनाक्रोश उबला
मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधरा बाजार के प्रसिद्ध किराना व्यापारी बेचन गुप्ता की शनिवार देर रात डकैतों ने हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची।
मधुबनी। मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधरा बाजार के प्रसिद्ध किराना व्यापारी बेचन गुप्ता की शनिवार देर रात डकैतों ने हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। पुलिस की इस लापरवाह कार्यशैली के खिलाफ रविवार की सुबह आक्रोशित लोगों ने अंधराठाढी थाने में तोडफ़ोड़ की तथा बाजार बंद कर दिया। एसपी ने लापरवाही के आरोप में अंधराठाढी के थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार एक दर्जन डकैतों ने शनिवार की रात करीब दो बजे व्यापारी बेचन गुप्ता के घर पर धावा बोला। लूटपाट का विरोध करने पर उन्होंने उनकी छुरा मारकर हत्या कर दी। डकैतों ने व्यापारी के वृद्ध पिता, पत्नी और बेटी को पीटा, जिससे वे घायल हो गए। व्यापारी के दोनों बेटे चंदन और रंजन कहीं बाहर थे। वे घटना की सूचना मिलने पर रविवार की सुबह घर पहुंचे। डकैत कितने की संपत्ति ले गए हैं, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
घटनास्थल से अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र की दूरी एक किमी से भी कम होने के बावजूद स्थानीय थाना पुलिस देर से पहुंची, जबकि घटना की सूचना देने व्यापारी की पत्नी घायल होने के बावजूद वहां दौड़ती हुई पहुंचीं थीं। दूसरी ओर छह किमी दूर रुद्रपुर थाना पुलिस पहले पहुंच गई। ग्रामीणों में इस पुलिस लापरवाही को लेकर आक्रोश है। ग्रामीण तो अंधराठाढ़ी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार की डकैतों से मिलीभगत तक का आरेाप लगा रहे हें। उन्होंने थानाध्यक्ष के खिलाफ एफआइआर की मांग की है। हालांकि, एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इधर पुलिस की लापरवाह कार्यशैली के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने अंधराठाढी थाने में तोडफ़ोड़ की है। बाजार भी बंद है। अंधराठाढ़ी रेलवे स्टेशन पर 52515 अप झंझारपुर-लौकहा पैसेंजर ट्रेन को लोगों ने रोक दिया है।
घटनास्थल पर लोगों की भाड़ी भीड़ जमा है। मौके पर रविवार सुबह से विधायक राम अवतार पासवान कैंप किए हुए हैं। वहां एसपी राजेश कुमार व सदर एसडीपीओ कामोद प्रसाद भी पुलिस बल के साथ मौजूद हैं।