महिला आरक्षण पर केन्द्र गंभीर नहीं : संगीता
जासं, मधुबनी : महिला सुरक्षा तथा संसद एवं विधान मंडलों में महिला आरक्षण के प्रति केन्द्र की मोदी सरक
जासं, मधुबनी : महिला सुरक्षा तथा संसद एवं विधान मंडलों में महिला आरक्षण के प्रति केन्द्र की मोदी सरकार गंभीर नहीं है। मोदी सरकार महिला सुरक्षा को लेकर भी केवल घड़ियाली आंसू ही बहा रही है। महज घड़ियाली आंसू बहाने व कोरा आश्वासन देने से ही महिलाओं का भला होने वाला नहीं है। देश की 50 फीसदी आबादी महिलाओं की है। लिहाजा महिलाओं को दोयम दर्ज की नागरिक बनाकर रखे जाने से देश को विकसित करने का सपना साकार नहीं हो सकता है। उक्त बातें रविवार को पूर्व जिला पार्षद व जदयू के निवर्तमान जिला महासचिव संगीता ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि अगर वाकई में मोदी सरकार महिला सुरक्षा तथा महिलाओं के हित व सर्वागीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तो उन्हें संसद व विधान मंडल में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने वाली महिला आरक्षण बिल को संसद से पारित कराना चाहिए।
संगीता ठाकुर ने पीएम व वित्त मंत्री को स्मार पत्र भेजकर मिट्टी तेल पर से सब्सिडी समाप्त करने, आयकर दाताओं को अनुदानित दरों वाली रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं किए जाने का भी अनुरोध की है। उन्होंने कहा है कि मिट्टी तेल पर से सब्सिडी समाप्त कर इस सब्सिडी राशि का उपयोग पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस सिलेंडर पर सब्सिडी को और भी बढ़ाने के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि मिट्टी तेल अब गरीबों की भी जरुरत नहीं रह गई है। गरीब भी अब एलईडी बल्व व अन्य लाइट से अपने घर को रोशन कर रहे हैं। जिस कारण मिट्टी तेल पर सब्सिडी देने से जनधन का दुरुपयोग हो रहा है। वहीं रेल मंत्री को स्मार पत्र भेजकर दरभंगा से खुलने वाली सभी ट्रेनों के परिचालन का विस्तार जयनगर तक करने का अनुरोध की है। संगीता ठाकुर ने पीएम, वित्त मंत्री व रेल मंत्री से उक्त सभी मामलों को इसी बजट सत्र में निर्णय ले लेने का अनुरोध की है।