दहेज प्रताड़ना में पति समेत कई नामजद
जागरण संवाददाता, मधुबनी : दहेज प्रताड़ना को लेकर दो विवाहिताओं ने अपने पति, सास, ससुर, ननद व देवर पर मुकदमा ठोंका है। वहीं दुष्कर्म के मामले में भी दो लागों के खिलाफ महिला थाना में नामजद प्राथमिकी की गई है।
रहिका थाना क्षेत्र के रहिका मोमिन टोल निवासी मो. मंजूर की पत्नी गुलनाज खातून द्वारा सीजेएम के न्यायालय में दायर परिवाद पत्र के आधार पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें गुलनाज खातून ने पति मो. मंजूर, ससुर मो. रुस्तम, सास नजमा खातून, ननद रहमति खातून तथा देवर मो. अफरोज पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। विवाहिता ने उक्त नामजद अभियुक्तों पर दहेज के रुप में मायके से बाइक व दो लाख नकद लाने के लिए दबाव बनाने, प्रताड़ित करने, गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाई है। दहेज की मांग नहीं पूरी करने पर सारा सामान छीनकर ससुराल से भगा देने का भी आरोप लगाई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद महिला थाना पुलिस अनुसंधान में जुट गई है।
वहीं राजनगर थाना क्षेत्र के गोढि़यारी निवासी महादेव सहनी की पत्नी रेणु देवी द्वारा सीजेएम के न्यायालय में दायर नालिसी के आधार पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में रेणु देवी के पति महादेव सहनी, ससुर सीताराम सहनी, सास सुजान देवी, ननद किरण देवी व सोमनी देवी को नामजद किया गया है। रेणु देवी ने पति, सास, ससुर व ननद पर दहेज के रुप में मायके से एक लाख रुपये लाने हेतु दबाव बनाने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता रहा। सारा सामान छीनकर ससुराल से भगा दिया गया। प्राथमिकी दर्ज करने के उपरांत महिला थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
उधर एक विवाहिता द्वारा न्यायालय में दर्ज वाद के आधार पर महिला थाना में दुष्कर्म के आरोप में दो लोगों को नामजद किया गया है। नामजद अभियुक्तों में अरेड़ डीह टोल निवासी अजीत राय व सतीश राय शामिल है। विवाहिता ने अजीत राय पर अपनी पुत्री का बलात्कार किए जाने का आरोप लगाई है। साथ ही अजीत राय व सतीश राय पर दुकान का सामान तोड़-फोड़ करने का भी आरोप लगाई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद महिला थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।