ईद को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
मधेपुरा। रमजान के पाक महीने में तीस दिनों तक रोजा रखने के बाद आने वाले ईद को लेकर चौसा
मधेपुरा। रमजान के पाक महीने में तीस दिनों तक रोजा रखने के बाद आने वाले ईद को लेकर चौसा बाजारों की चहल-पहल बढ़ गई है। जैसे-जैसे चांद के दीदार के दिन नजदीक आ रहा है प्रखंड के बाजार देर रात तक खुलने लगे हैं। सड़क किनारे सेवईयां, फल, खजूर आदि की दुकान सज गयी हैं तो दूसरी तरफ कपड़े व रेडिमेड दुकान की रौनक बढ़ गयी है। दुकान ग्राहक से गुलजार है। शाम के वक्त जगह-जगह इफ्तार पार्टी का भी आयोजन हो रहा है। पाक महीना रमजान को लेकर इन दिनों चौसा में काफी रोनक दिखाई दे रही है। बाजारों में भीड़ का माहौल बना हुआ है। मुस्लिम समाज के लोगो में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चौसा के विभिन्न बाजारों में महिलाओं और युवतियों की भी खासी भीड़ उमड़ रही है। ईद को लेकर युवक भी नये-नये कपड़े खरीदने के लिये दुकानों पर पहुंच रहे हैं। नन्हे-मुन्ने बच्चों मे भी ईद पर्व को लेकर उत्साह है। कुल मिलाकर ईद-उल-फितर पर्व को लेकर शहर में चहल-पहल पूरे सवाब पर है। हर कोई पर्व को लेकर उत्साहित नजर आ रहा है। ईद से पहले शहर के बाजारों में रौनक आ गयी है। मुस्लिम परिवार बाजारों में खरीददारी करने के लिये उमड़ने लगे हैं। सबसे ज्यादा कपड़ों की खरीददारी हो रही है। युवा वर्ग जीन्स, टी-शर्ट, कुर्ता -पायजामा और जूतों की खरीददारी में रूचि ले रहा है। लखनवी कुर्ते रोजेदारों की पहली पसन्द है। उधर बाजारों में रौनक बढ़ने से दुकानदार खुश नजर आ रहे हैं। दुकानदार राजेन्द्र भगत, विनोद जायसवाल, अमिताभ जायसवाल, सुनील जायसवाल का कहना कि ईद का त्यौहार नजदीक होने की वजह से इस समय बाजार में भीड़ बढ़ गयी है। ईद एक ऐसा पर्व है जो आपसी भाईचारे का संदेश देता है, इस दिन लोग एक दूसरे के गले मिल मुबारकवाद देते हैं। जैसे-जैसे रमजान का महीना गुजरता जा रहा है वैसे-वैसे बाजारों में इसकी रौनक बढ़ती जा रही है। ईद की खुशियां में मानो पूरा बाजार सज गया है।