सीओ ने की राजस्व वसूली की जांच
पुरैनी (मधेपुरा), संवाद सहयोगी : मुख्यालय स्थित तहसील कचहरी में अंचलाधिकारी सैयद जफरूल हौदा द्वारा हल्का नंबर-दो में बीते वित्तीय वर्ष 2013-14 में वसूल किए गए राजस्व की राशि एवं अंचल नजारत में जमा कराए गए राशि के पूर्ण विवरण की गहन जांच की समीक्षा की गयी। तहसील कचहरी पहुंचे सीओ श्री हौदा ने प्रभारी अंचल निरीक्षक हेम कुमार झा की उपस्थिति में राजस्व कर्मचारी चंद्रकांत यादव द्वारा बीते वित्तीय वर्ष में वसूल किए गए एवं अंचल नजारत में जमा कराए गए राशि की गहन जांच व समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सेहा एए, सेहा 3एए, भंडार पंजी, रसीद वोल्यूम, नाजिर रसीद, शुद्धि पत्र आदि की भी जांच की। जांच के क्रम में पाया गया कि उक्त हल्का में बीते वित्तीय वर्ष में लक्ष्य अनुसार 15 लाख 70 हजार 65 रुपए की वसूली की गयी थी। नाजिर रसीद के गहन निरीक्षण के उपरांत पाया गया कि वसूले गए उक्त समस्त राशि राजस्व कर्मचारी श्री यादव द्वारा अंचल नजारत में ससमय उपलब्ध करा दी गयी है। लेकिन शुद्धि पत्र का संधारण नहीं किए जाने पर सीओ श्री हौदा ने कर्मचारी श्री यादव को कड़ी फटकार लगाते हुए उसे अविलंब संधारण करने का निर्देश दिए।