मछुआरों का समाहरणालय पर आमरण-अनशन 28 से
लखीसराय। स्थानीय संतर मुहल्ला स्थित किसान मजदूर केंद्र में मंगलवार को बड़हिया प्रखंड के मछुआरों की ब
लखीसराय। स्थानीय संतर मुहल्ला स्थित किसान मजदूर केंद्र में मंगलवार को बड़हिया प्रखंड के मछुआरों की बैठक साही सहनी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें जिला प्रशासन के तानाशाही रवैया के विरोध में बड़हिया प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति द्वारा सपरिवार 28 अक्टूबर से समाहरणालय पर आमरण-अनशन करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर बड़हिया प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सचिव हीरा सहनी ने कहा कि कुछ छुटभैये नेताओं के बहकावे में आकर जिला प्रशासन द्वारा पाली के मछुआरों की रोजी-रोटी छीनने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष का धौंस जमाकर कुछ असामाजिक लोगों द्वारा हरूहर नदी में बड़ा जाल लगाकर मछली का व्यवसाय किया जा रहा है। विरोध करने पर ऐसे लोगों द्वारा जातीय उन्माद फैलाकर मछुआरों को परेशान किया जा रहा है। इतना ही नहीं जिला प्रशासन के माध्यम से मछुआरों को हरूहर नदी में जाल लगाकर मछली का शिकार करने से रोका जा रहा है। जिलाधिकारी से मिलकर मछुआरों ने कहा कि मछुआरा के नदी में जाल लगाने से पानी का बहाव बाधित नहीं होता है। इसके बावजूद जिलाधिकारी द्वारा मछुआरों को हरूहर नदी में जाल लगाने से रोका जा रहा है।