हड़ताल : विधि व्यवस्था के साथ साफ-सफाई पर आफत
संस., लखीसराय : गृह रक्षकों एवं नप कर्मियों की हड़ताल के कारण विधि व्यवस्था के साथ शहर में साफ-सफाई क
संस., लखीसराय : गृह रक्षकों एवं नप कर्मियों की हड़ताल के कारण विधि व्यवस्था के साथ शहर में साफ-सफाई की स्थिति बिगड़ने लगी है। गृह रक्षकों की नौ दिनों से जारी हड़ताल के कारण विधि व्यवस्था का जिम्मा चौकीदारों के हवाले है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर शहर में रात्रि प्रहरी का कार्य चौकीदारों से लिया जा रहा है। इसके कारण विधि व्यवस्था चरमराने लगी है। बिहार पुलिस, सैप जवान की संख्या कम रहने के कारण सभी स्थानों पर ड्यूटी संभव नहीं हो रही है। बैंक, टेलीफोन विभाग, थाना, समाहरणालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में पुलिस कर्मियों की कमी के कारण सुरक्षा का अभाव देखा जा रहा है। गृह रक्षकों की हड़ताल के कारण रात्रि गश्ती भी प्रभावित हो रही है। ओवरलोड वाहनों से परिवहन विभाग का राजस्व वसूली का कार्य भी ठप पड़ा हुआ है। वहीं नप कर्मियों की दो दिनों से जारी हड़ताल के कारण नालों में गंदगी भर गई है। शहर में साफ-सफाई के अभाव में कूड़ा और कचरा जहां-तहां पसरा नजर आ रहा है। नप कर्मियों द्वारा कार्यालय में तालाबंदी कर दिये जाने के कारण भवन का नक्शा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राजस्व वसूली का कार्य ठप पड़ा हुआ है। लोग इन कार्यों के लिए नप कार्यालय जाकर बैरंग वापस लौट रहे हैं। हड़ताल आम लोगों के जनजीवन को प्रभावित करने लगी है।