पारा 42 डिग्री के पार, तप रही धरती
संवाद सहयोगी, लखीसराय : गर्म पछुआ हवा एवं तीखी धूप के कारण शुक्रवार का तापमान 42 डिग्री के पार हो गय
संवाद सहयोगी, लखीसराय : गर्म पछुआ हवा एवं तीखी धूप के कारण शुक्रवार का तापमान 42 डिग्री के पार हो गया। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को सर्वाधिक गर्म दिन रहा। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस था। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शनिवार का पारा और अधिक गर्म होगा। इस दिन अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगर इसी तरह गर्म हवा चलती रही तो जनजीवन पर भी इसका व्यापक असर पड़ेगा। सुबह 10 बजे के बाद से ही गर्म हवा ने तपिश बढ़ा दी है। आसमान से तीखी धूप मानो आग का गोला बरसा रहा हो। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तापमान में भी बढ़ोत्तरी होती गई। दोपहर से पहले ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया। सिर्फ आवश्यक काम से निकले लोग ही नजर आए। लोग खिड़की दरवाजे बंद कर पंखा, कूलर की हवा के बीच घरों में बंद रहे। गर्मी के कारण लोगों की आवाजाही कम हो जाने के कारण बाजारों में भी इसका असर साफ देखने को मिला। कई व्यवसायियों ने ग्राहक नहीं रहने के कारण दोपहर में दुकान बंद कर घरों में आराम करना ही उचित समझा। आग उगल रही गर्मी से बचने के लिए बाइक सवार गमछी से पूरे चेहरे को ढक कर बचाव करते नजर आए। जिला मुख्यालय सहित प्रखंडों में तीखी धूप व तपिश से लोग परेशान हो रहे हैं।