फसलों की क्षतिपूर्ति को किसानों की बनी सूची
संसू., सूर्यगढ़ा (लखीसराय) : विद्युत प्रवाहित तार के गिरने से जली फसल की क्षतिपूर्ति पीड़ित किसानों क
संसू., सूर्यगढ़ा (लखीसराय) : विद्युत प्रवाहित तार के गिरने से जली फसल की क्षतिपूर्ति पीड़ित किसानों को दी जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह के निर्देश के आलोक में सूर्यगढ़ा के सीओ सुभाष प्रसाद एवं मेदनी चौकी थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने पीड़ित किसानों की सूची तैयार की है। बुधवार को प्रखंड के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत अवगील गाव के समीप हाशीमपुर माघर मौजा स्थित खेत से होकर गुजरे 33 हजार विद्युत वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार के टूटकर गिर जाने से लगभग 20-22 बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई थी। उधर तार गिरने से संपूर्ण मेदनी चौकी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। अगले दिन गुरुवार को विद्युत तार जोड़ने गए विद्युत विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को किसानों ने तार जोड़ने से मना कर दिया। आक्रोशित किसान जली फसल के एवज में मुआवजा की मांग करने लगे। साथ ही बार-बार टूट कर गिर रहे जर्जर तार को बदलने की मांग की। इसके बाद सीओ सुभाष प्रसाद एवं मेदनी चौकी थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। सीओ ने किसानों की पीड़ा से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इसके बाद उनके आदेश पर पीड़ित किसानों एवं फसल की क्षति की सूची बनाई गई जिसे जिला पदाधिकारी एवं जिला कृषि पदाधिकारी को प्रतिवेदन के साथ भेजा जाएगा। इसके बाद सीओ एवं थानाध्यक्ष की मौजूदगी में विद्युत कर्मियों ने तार को जोड़कर दोपहर बाद आपूर्ति बहाल की।