मांगों को ले राजग का समाहरणालय पर महाधरना
संस., लखीसराय : राजग गठबंधन ने मंगलवार को लखीसराय जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर समाहरणालय पर महाधरना दिया। इसके बाद राज्यपाल के नाम संबोधित आठ सूत्री मांगों से संबंधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। महाधरना कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर महाधरना को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद वीणा देवी ने कहा कि बिहार सरकार निकम्मी हो गई है। इसके राज्य में दवा घोटाला से लेकर कई अन्य घोटाला किया जा रहा है। राशन केरोसिन से लेकर, भोजन गारंटी योजना के कार्ड निर्माण में भी व्यापक पैमाने पर अनियमितता बरती गई है। सरकार को राजद एवं कांग्रेस से सहयोग मिलने के बाद बिहार में भ्रष्टाचार एवं हत्या का दौर फिर से शुरू हो गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद सूरज भान सिंह ने कहा कि धरना के माध्यम से सरकार की कारगुजारियों को उजागर करने का कार्य किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में सरकार के मुखिया जीतन राम मांझी को रिमोट से चला रहे हैं। जब सरकार ही रिमोट से चल रही तो विकास भी उसी स्तर का होगा। सभा की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जिले में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गई है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। आम लोगों की समस्या के प्रति जिला प्रशासन उदासीन बना है। प्रशासन के प्रति लोगों में आक्रोश एवं असंतोष बना हुआ है। राजग नेताओं के द्वारा महामहिम राज्यपाल के नाम दिए गए आठ सूत्री ज्ञापन में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बने कार्ड का समुचित रूप से वितरण करने एवं डीलर के मकान, विद्यालय, पंचायत भवन में सूची चिपकाने की मांग की गई है। इसके अलावा बीपीएल परिवार एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के नाम कार्ड निर्गत करने एवं राशन-केरोसीन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने, जिले में गिरती विधि-व्यवस्था पर लगाम लगाने, सामाजिक कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमें में फंसाने की कार्रवाई पर रोक लगाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने एवं शासन प्रशासन के विरोध में आंदोलन को दबाने का प्रयास को बंद करने आदि मांग की गई। महाधरना कार्यक्रम में लोजपा के जिलाध्यक्ष जान मिल्टन पासवान, प्रदेश रालोसपा के जिलाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह, प्रदेश सचिव विनोद कुशवाहा, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष छेदी प्रसाद गुप्ता, नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश साह, लोजपा के हरिकांत पासवान, मो. अख्तर, बालेश्वर पासवान, भाजपा के नगर अध्यक्ष नरोत्तम कुमार, अमरजीत कुमार प्रजापति, राजेश कुमार, शिवनंदन मंडल, सुनील कुमार सिंह के अलावा लखीसराय जिले के सैकड़ों महिला-पुरूष शामिल थे।