डीएम का आदेश, तटबंधों की सुरक्षा पर रखे नजर
संस., लखीसराय : बिहार में लगातार हो रही बारिश एवं नदियों के बढ़ते जलस्तर से लखीसराय जिले में जलजमाव एवं बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। रविवार को जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रखंड व जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा से निबटने के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर सिविल सर्जन से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश डीएम ने दिया। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित पिपरिया, सूर्यगढ़ा एवं बड़हिया प्रखंडों में तटबंधों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी ने गंगा पंप नहर सूर्यगढ़ा, लघु सिंचाई, पथ निर्माण विभाग, पीएचईडी, विद्युत विभागों के अभियंताओं को विशेष सतर्क रहने की हिदायत दी है। बैठक में जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के सीओ से नदियों के जलस्तर एवं तटबंधों की वर्तमान स्थिति का फीडबैक लिया। फिलहाल जिले में कुछ इलाके में जलजमाव के अलावा बाढ़ का खतरा नहीं है। बावजूद जिला प्रशासन बाढ़ आपदा से निबटने के लिए पूरी सतर्कता बरत रहा है। जिलाधिकारी श्री सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चौकीदार को भी अलर्ट करते हुए गश्ती कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कहीं भी राहत की आवश्यकता पड़े तो तुरंत इस पर पहल कर कार्रवाई करें। जानकारी के अनुसार नालंदा जिले में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए लखीसराय जिले के बड़हिया, लखीसराय एवं पिपरिया प्रखंड से 20 नाव नालंदा भेजा गया है। बैठक में एडीएम सूर्यनारायण सिंह, एसडीओ अंजनी कुमार, डीसीएलआर राजेश कुमार, सभी बीडीओ, सीओ व अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।